महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में शुक्रवार सुबह अचानक हुई तेज बारिश ने जहां शहर की रफ्तार धीमी कर दी, वहीं आजाद मैदान में मराठा आंदोलन में जुटे प्रदर्शनकारियों के लिए भी मुश्किलें खड़ी कर दीं। कार्यकर्ता मनोज जरांगे के नेतृत्व में आंदोलन के लिए आए हजारों लोग भीगने से बचने के लिए अलग-अलग जगहों पर पनाह लेने को मजबूर हुए।
प्रदर्शनकारियों की मुश्किलें बढ़ीं
तेज बारिश शुरू होते ही कई लोग छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) की ओर दौड़ पड़े। कुछ प्रदर्शनकारी CSMT मेट्रो के सबवे में उतर गए, तो कई लोग पास के बस स्टॉप और शेड्स में खड़े होकर बारिश थमने का इंतजार करते रहे। हालांकि, मराठा समुदाय के कई सदस्य बारिश में भी आजाद मैदान पर डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहे।
अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि प्रशासन को पहले से पता था कि बड़ी संख्या में लोग आंदोलन में शामिल होंगे, इसके बावजूद किसी तरह की ठोस व्यवस्था नहीं की गई। तेज बारिश के बाद भी हल्की बूंदाबांदी होती रही, जिससे आंदोलन में शामिल लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
BMC और IMD का पूर्वानुमान
बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अधिकारियों ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार सुबह से अगले 24 घंटे तक “शहर और उपनगरों में मध्यम बारिश और बादल छाए रहने” का पूर्वानुमान जताया है।
मुंबई में शुक्रवार सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटों में औसतन 20.36 मिमी बारिश दर्ज की गई।
पश्चिमी उपनगरों में 17.55 मिमी और पूर्वी उपनगरों में 14.68 मिमी बारिश हुई।
महाराष्ट्र के कई जिलों में अलर्ट
मॉनसून के तेज़ होते ही महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। IMD ने राज्य के कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
शहर की रफ्तार थमी
लगातार बारिश से मुंबई की सड़कों पर जलजमाव हो गया है। जगह-जगह ट्रैफिक जाम और वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे समुद्र किनारे न जाएं, क्योंकि समुद्री लहरों की ऊंचाई बढ़ सकती है और हादसे का खतरा बना हुआ है।
ये बारिश एक ओर जहां शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली मुंबई की रफ्तार को रोक रही है, वहीं दूसरी ओर मराठा आरक्षण आंदोलन में जुटे हजारों लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा रही है।
ये भी पढ़ें: ठाणे में दर्दनाक घटना: महिला वकील ने सातवीं मंजिल से कूदकर दी जान, वायरल वीडियो ने उड़ाए होश