देश-विदेश

बिहार से उठा राजनीतिक विवाद, पीएम मोदी ने पहली बार मां को मिली गालियों पर व्यक्त किया दर्द

पीएम मोदी
Image Source - Web

बिहार की धरती इन दिनों सियासी तूफान का गवाह बन रही है। दरभंगा में कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के लिए अपमानजनक शब्द कहे गए थे। इस घटना ने न केवल सियासी बहस को जन्म दिया, बल्कि पीएम मोदी के दिल को भी गहरी चोट पहुंचाई।

दरअसल, बिहार में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए सहकारिता से जुड़ी डिजिटल योजना की शुरुआत करने पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने जब मंच संभाला, तो उनकी आवाज़ में भावनाओं का उफान साफ झलक रहा था। उन्होंने कहा कि बिहार की संस्कृति में “मां” का स्थान देवताओं से भी ऊपर माना जाता है, लेकिन कांग्रेस और राजद के नेताओं ने इस परंपरा का अपमान किया।

पीएम मोदी ने कहा, “मेरी मां को दी गई गाली सिर्फ मेरी मां का अपमान नहीं है, बल्कि ये देश की हर मां, बहन और बेटी का अपमान है। बिहार की जनता ने भी कभी सोचा नहीं था कि यहां के मंच से ऐसी बातें सुनने को मिलेंगी।”

प्रधानमंत्री ने भोजपुरी में जनता से संवाद करते हुए कहा कि उनकी मां ने गरीबी के संघर्षों को झेला और उन्हें संस्कारों की ताकत दी। उन्होंने कहा, “माई के स्थान देवता-पित्तर से भी ऊपर होला।”

उन्होंने अपनी मां के योगदान को याद करते हुए बताया कि किस तरह उन्होंने उन्हें देश सेवा के लिए आगे बढ़ाया। “मुझे मां भारती की सेवा करनी थी, और मेरी मां ने मुझे अपने दायित्वों से मुक्त कर दिया। आज वही मां अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उन्हें राजनीति से जोड़कर अपमानित किया जा रहा है। ये बेहद पीड़ादायक है।”

पीएम मोदी ने भीड़ में मौजूद लाखों महिलाओं से अपना दर्द साझा करते हुए कहा कि इस कष्ट को वो मांओं-बहनों के आशीर्वाद से ही सह पाएंगे। उन्होंने साफ कहा कि जो अपमान हुआ है, वो सिर्फ व्यक्तिगत नहीं बल्कि पूरे देश की नारी शक्ति का अपमान है।

ये बयान बिहार की राजनीति में नई हलचल पैदा कर रहा है। एक ओर पीएम मोदी ने भावुक होकर इसे देश की संस्कृति और नारी सम्मान से जोड़ा, वहीं विपक्ष पर सीधा हमला भी बोला। अब देखना ये होगा कि इस विवाद का असर आने वाले राजनीतिक समीकरणों पर किस तरह पड़ता है।

ये भी पढ़ें: पंजाब में बाढ़ का कहर: 1300 गांव जलमग्न, फसलें हुईं बर्बाद और लोग हुए बेघर

You may also like