रविवार सुबह कोल्हापुर की कलांबा जेल में 1993 के मुंबई बम धमाकों के एक दोषी मुन्ना उर्फ मोहम्मद अली खान उर्फ मनोजकुमार भावरलाल गुप्ता (59 वर्ष) की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, पांच अन्य कैदियों ने नहाने को लेकर हुए झगड़े के बाद गुप्ता पर जानलेवा हमला किया।
मैनहोल के ढक्कन से किया हमला
सुबह करीब 6:30 बजे जब कैदी नहाने जा रहे थे, तब गुप्ता का इन पांच कैदियों से झगड़ा हो गया। इसके बाद आरोपियों ने मैनहोल का ढक्कन निकालकर गुप्ता के सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
MCOCA के तहत आरोपी हैं हमलावर
कोल्हापुर के पुलिस अधीक्षक महेंद्र पंडित ने बताया कि गुप्ता की हत्या करने वाले पांचों आरोपी महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत आरोपों का सामना कर रहे हैं। इनकी पहचान दीपक नेताजी खोत, सौरभ विकास सिद्ध, प्रतीक उर्फ पिल्या सुरेश पाटिल, संदीप उर्फ बबलू शंकर चव्हाण और रितुराज इनामदार के रूप में हुई है।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ जूना राजवाड़ा पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
1993 मुंबई बम धमाकों का दोषी
पुलिस के मुताबिक, मृतक मुन्ना मुंबई का रहने वाला था और 1993 के मुंबई बम धमाकों में उसकी भूमिका के लिए उसे 14 साल की सजा सुनाई गई थी।