40% CMs Face Criminal Cases: चुनाव सुधार संगठन एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की 22 अगस्त 2025 को जारी नई रिपोर्ट ने देश की सियासत में हलचल मचा दी है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, देश के 30 मुख्यमंत्रियों में से 12 यानी 40 फीसदी ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले होने की बात कबूल की है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं, जिनके खिलाफ 89 मामले दर्ज हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन 47 मामलों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।
रिपोर्ट में बताया गया कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ 19 मामले, कर्नाटक के सिद्धरमैया के खिलाफ 13 और झारखंड के हेमंत सोरेन के खिलाफ 5 मामले दर्ज हैं। महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों देवेंद्र फडणवीस और सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ 4-4 मामले हैं। केरल के पिनराई विजयन के खिलाफ 2 और पंजाब के भगवंत मान के खिलाफ 1 मामला है। इनमें से 10 मुख्यमंत्री यानी 33 फीसदी पर गंभीर आपराधिक मामले हैं, जैसे हत्या का प्रयास, अपहरण, रिश्वतखोरी और धमकी देना।
एडीआर ने यह जानकारी सभी 30 मौजूदा मुख्यमंत्रियों के हलफनामों से निकाली है, जो उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव से पहले जमा किए थे। यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है, जब सरकार ने तीन नए विधेयक पेश किए हैं। इन विधेयकों में गंभीर आपराधिक मामलों में 30 दिन तक हिरासत में रहने वाले प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों को पद से हटाने की बात है।
रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ कि 30 मुख्यमंत्रियों की कुल संपत्ति 1,632 करोड़ रुपये है, जिसमें औसत संपत्ति 54.42 करोड़ रुपये प्रति मुख्यमंत्री है। आंध्र प्रदेश के चंद्रबाबू नायडू 931 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं, जबकि अरुणाचल प्रदेश के प्रेमा खांडू 332 करोड़ रुपये के साथ दूसरे नंबर पर हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सिर्फ 15 लाख रुपये की संपत्ति के साथ सबसे कम संपत्ति वाली मुख्यमंत्री हैं।
#CMCriminalCases #ADRReport2025 #IndiaPolitics #TelanganaCM #PoliticalTransparency
ये भी पढ़ें: Cloudburst Causes Havoc in Tharali: चमोली के थराली में बादल फटने से हाहाकार; घर-दुकानें मलबे में, एक लापता