दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की करीब 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर अदालत में नया विवाद खड़ा हो गया है। उनके बच्चों समायरा कपूर और कियान राज कपूर ने अपने पिता की निजी संपत्ति में हिस्सेदारी मांगी थी, लेकिन उनकी सौतेली मां प्रिया सचदेव ने इसे चुनौती दी। प्रिया का दावा है कि बच्चों को पहले ही करीब 1900 करोड़ रुपए ट्रस्ट के जरिए दे दिए गए हैं।
बच्चों का दावा
बच्चों की ओर से वरिष्ठ वकील महेश जेठमलानी ने अदालत में कहा कि संजय कपूर की जो वसीयत दिखाई जा रही है, वो फर्जी और संदिग्ध है। इस वसीयत में बच्चों को पूरी तरह से बाहर रखा गया है। करिश्मा कपूर की बेटी समायरा और बेटे कियान के लिए उनकी मां करिश्मा कानूनी अभिभावक के रूप में अदालत में प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
प्रिया सचदेव का पक्ष
संजय कपूर की दूसरी पत्नी प्रिया सचदेव के वकील राजीव नायर ने दलील दी कि बच्चों को पहले ही ट्रस्ट के जरिए संपत्ति दे दी गई है और प्रिया ही संजय की आख़िरी कानूनी पत्नी हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के दावे का कोई आधार नहीं है।
कोर्ट की कार्रवाई
दिल्ली हाई कोर्ट ने प्रिया सचदेव और अन्य प्रतिवादियों को समन जारी किया है और दो हफ्तों में जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है। साथ ही कोर्ट ने आदेश दिया कि संजय कपूर की सभी चल और अचल संपत्तियों की सूची पेश की जाए। अगली सुनवाई 9 अक्टूबर को होगी, जब कोर्ट इस मामले में अंतरिम आदेश (स्टे) पर विचार करेगा।
परिवार के अन्य सदस्य भी अदालत में
संजय कपूर की मां ने भी कोर्ट में सवाल उठाए और कुल 10,000 करोड़ रुपये की संपत्ति पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश देने की मांग की।
इस पूरे मामले से साफ है कि संजय कपूर की संपत्ति का बंटवारा और वसीयत को लेकर परिवार में गंभीर विवाद अभी भी जारी है, और आने वाले हफ्तों में अदालत में इस पर और अधिक बहस होने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: बॉलीवुड के इस डायरेक्टर ने सलमान खान को बताया गुंडा, लगाए कई गंभीर आरोप