देश-विदेश

मध्य प्रदेश: शिवपुरी में युवती ने गुस्से में अपने ही ई-रिक्शा को लगाई आग, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

मध्य प्रदेश
Image Source - Web

शिवपुरी (मध्य प्रदेश) से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में एक युवती ने अपने ही ई-रिक्शा में आग लगा दी। बताया जा रहा है कि वाहन में बार-बार आ रही तकनीकी खराबियों और कंपनी व शोरूम की ओर से समाधान न मिलने के कारण वो बेहद परेशान और नाराज थी।

रोजगार का साधन बना परेशानी की वजह
मिली जानकारी के अनुसार, युवती ने करीब ढाई लाख रुपये में ई-रिक्शा फाइनेंस के माध्यम से खरीदा था। ये ई-रिक्शा उसकी रोजी-रोटी का मुख्य साधन था। लेकिन खरीद के कुछ समय बाद ही वाहन में लगातार तकनीकी दिक्कतें आने लगीं, जिससे उसका कामकाज प्रभावित होने लगा।

चार महीने तक लगाती रही चक्कर
पीड़िता का आरोप है कि पिछले चार महीनों से वो संबंधित एजेंसी और शोरूम के चक्कर काट रही थी। उसने कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन हर बार अस्थायी समाधान दिया गया। स्थायी मरम्मत न होने के कारण उसे आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ा।

नाराजगी में उठाया बड़ा कदम
लगातार अनदेखी और बढ़ते दबाव के चलते युवती ने शहर के बीच बाजार में अपने ई-रिक्शा को आग के हवाले कर दिया। घटना के समय वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों और प्रशासन की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात ये रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग कंपनी की ग्राहक सेवा और कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि समय रहते यदि समस्या का समाधान किया जाता, तो ऐसी स्थिति पैदा ही नहीं होती।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Ontv News (@ontv_news)

प्रशासन और कंपनी पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर से उपभोक्ता अधिकारों, फाइनेंस पर खरीदे गए वाहनों की सर्विस और कंपनियों की जिम्मेदारी को लेकर चर्चा छेड़ दी है। फिलहाल मामले की जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

ये भी पढ़ें: मुंबई एयरपोर्ट पर चेक-इन हुआ और तेज व स्मार्ट, अब मिनटों में पूरी होगी प्रक्रिया, जानें ऐसा कैसे?

You may also like