देश-विदेश

रोहित शेट्टी हाउस फायरिंग केस: शूटर समेत 4 आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार, कुल 9 गिरफ्तारी

रोहित शेट्टी
Image Source - Web

मुंबई के फेमस फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास के बाहर हुई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुंबई पुलिस ने हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुख्य शूटर समेत 4 आरोपियों को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। इस ताजा कार्रवाई के बाद अब तक इस मामले में कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

हरियाणा से दबोचे गए 4 आरोपी

सूत्रों के अनुसार, हरियाणा पुलिस की एसटीएफ यूनिट बहादुरगढ़ और मुंबई पुलिस ने मिलकर एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया। इस दौरान 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • रितिक यादव (निवासी बहाबीजौली, जिला आगरा)

  • दीपक (निवासी सेक्टर-45 सादरपुर, नोएडा)

  • सनी (निवासी बहाबीजौली, आगरा)

  • सोनू (निवासी बहाबीजौली, आगरा)

पुलिस के मुताबिक, इनमें से एक आरोपी मुख्य शूटर है जिसने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था, जबकि अन्य 3 आरोपी उसकी सहायता कर रहे थे।

पहले 5 आरोपियों पर लगा मकोका

इस मामले में इससे पहले मुंबई पुलिस ने पुणे और आसपास के इलाकों से 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों में आदित्य गायकी, सिद्धार्थ येनपुरे, समर्थ पोमाजी, स्वप्निल साकट और आसाराम फसले उर्फ बाबू (हथियार सप्लायर) का शामिल है।

पुलिस ने इन सभी 5 आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि संगठित अपराध से जुड़े पहलुओं को देखते हुए मकोका की धाराएं लगाई गई हैं।

मास्टरमाइंड अब भी फरार

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश का कथित मास्टरमाइंड शुभम लोणकर है, जो फिलहाल फरार है। सूत्रों के मुताबिक, उसका संबंध कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से हो सकता है। हालांकि पुलिस इस एंगल की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

1 फरवरी को हुई थी फायरिंग

बताया गया कि 1 फरवरी की तड़के रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की घटना हुई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद शूटर मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस को विले पार्ले पश्चिम स्थित एक होटल के पास से एक लावारिस स्कूटर बरामद हुआ, जो शेट्टी टॉवर से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर खड़ा था।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि स्कूटर से भौतिक साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई थी।

सेकेंड हैंड स्कूटर से मिला अहम सुराग

फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट, डीएनए सैंपल और अन्य महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए। जांच में सामने आया कि सेकेंड हैंड होंडा डियो स्कूटर पुणे के कर्वे नगर निवासी अमन मरोटे से खरीदा गया था।

यह स्कूटर 19 वर्षीय आदित्य गायकी ने जनवरी के मध्य में करीब 30 हजार रुपये में खरीदा था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह खरीदारी समर्थ पोमाजी के निर्देश पर की गई थी, जबकि इसके लिए पैसे शुभम लोणकर के कहने पर स्वप्निल साकट ने उपलब्ध कराए थे।

सुरक्षा बढ़ाई गई, जांच जारी

घटना के बाद रोहित शेट्टी के घर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

मुंबई पुलिस इस मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी हुई है और संगठित अपराध के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।

ये भी पढ़ें: ‘हर दिन खुलकर जीना चाहिए’: कैंसर सर्वाइवर Hina Khan ने साझा किया जिंदगी को देखने का सकारात्मक नजरिया

You may also like