देश-विदेश

रोटी बनाते समय फटा इंडक्शन चूल्हा, बाल-बाल बचा परिवार

इंडक्शन
Image Source - Web

देश में एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी के चलते जहां लोग तेजी से इंडक्शन चूल्हों की ओर रुख कर रहे हैं, वहीं अब इन उपकरणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। हाल ही में सामने आई एक घटना ने इस चिंता को और बढ़ा दिया है, जिसमें रोटी बनाते समय अचानक इंडक्शन चूल्हे में जोरदार धमाका हो गया और उसका कांच पूरी तरह चूर-चूर हो गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा गया कि एक महिला अपने घर में इंडक्शन चूल्हे पर रोटी बना रही थी, जबकि उसका छोटा बच्चा पास में बैठा था। परिवार का एक सदस्य इस पल को कैमरे में कैद कर रहा था, तभी अचानक तेज धमाके के साथ इंडक्शन का ग्लास फट गया। इस विस्फोट के बाद किचन में अफरा-तफरी मच गई और कांच के टुकड़े चारों ओर फैल गए। हालांकि राहत की बात ये रही कि इस हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

ये कोई अकेली घटना नहीं है। ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं, जहां इंडक्शन चूल्हों में अचानक विस्फोट या खराबी देखने को मिली है। मध्यप्रदेश की रहने वाली हेमा जाट के साथ भी इसी तरह का हादसा हुआ, जब वो गैस सिलेंडर की अनुपलब्धता के कारण इंडक्शन पर खाना बना रही थीं। अचानक हुए तेज धमाके से इंडक्शन का ग्लास टॉप पूरी तरह टूट गया और किचन में डर का माहौल बन गया।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Sameer Nagma (@halfstar07_)

विशेषज्ञों का मानना है कि इन घटनाओं के पीछे सबसे बड़ा कारण कम गुणवत्ता वाले और सस्ते इंडक्शन चूल्हों का उपयोग है। बढ़ती मांग के चलते बाजार में कई सस्ते विकल्प उपलब्ध हो गए हैं, लेकिन इनमें सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन नहीं किया जाता। यही वजह है कि ऐसे उपकरण इस्तेमाल के दौरान खतरनाक साबित हो सकते हैं।

इंडक्शन चूल्हे आमतौर पर सुरक्षित माने जाते हैं, लेकिन उनकी गुणवत्ता, सही उपयोग और नियमित देखभाल बेहद जरूरी है। उपभोक्ताओं को सलाह दी जाती है कि वे केवल भरोसेमंद और प्रमाणित ब्रांड्स के उत्पाद ही खरीदें। साथ ही, उपयोग के दौरान निर्देशों का पालन करें और किसी भी असामान्य आवाज या गर्मी महसूस होने पर तुरंत उपकरण का इस्तेमाल बंद कर दें।

ये घटना एक चेतावनी के रूप में सामने आई है कि सुविधा के साथ सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। खासकर जब बात रसोई जैसे संवेदनशील स्थान की हो, तो सतर्कता और सही उपकरण का चयन बेहद जरूरी हो जाता है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में भव्य आध्यात्मिक आयोजन, अक्षरधाम में स्थापित हुई विशाल श्रीनीलकंठवर्णी प्रतिमा

You may also like