मुंबई में साइबर अपराधियों ने एक बार फिर हाई-प्रोफाइल व्यक्ति को निशाना बनाया है। शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे के पोते और स्मिता ठाकरे के बेटे ऐश्वर्य ठाकरे (Aishwarya Thakeray) साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से बिना अनुमति के कुल 19,638 रुपये निकाल लिए। खाते से पैसे कटने के लगातार मैसेज मिलने के बाद ऐश्वर्य ने पुलिस से संपर्क किया। इस मामले में ओशिवारा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आधी रात को खाते से होने लगे ट्रांजैक्शन
पुलिस के अनुसार, ये घटना 30 अक्टूबर की रात की है। ऐश्वर्य ठाकरे (Aishwarya Thakeray) उस समय अपने अंधेरी पश्चिम स्थित घर पर थे। रात करीब 1:30 बजे उनके मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आने शुरू हुए। शुरुआत में खाते से 307 रुपये निकाले गए। इसके कुछ ही मिनटों के भीतर कई ट्रांजैक्शन हुए और रात 1:30 से 1:40 बजे के बीच कुल 19,638 रुपये खाते से निकल गए।
इनमें एक बड़ा ट्रांजैक्शन 15,511 रुपये का भी शामिल था। शुरुआती जांच में सामने आया कि पैसे विदेशी ऑनलाइन फूड प्लेटफॉर्म पापा जॉन्स और जॉलीबी से जुड़े ट्रांजैक्शन के जरिए खर्च किए गए थे।
ओशिवारा पुलिस ने दर्ज किया मामला
बैंक खाते से अनधिकृत निकासी की जानकारी मिलते ही ऐश्वर्य ठाकरे (Aishwarya Thakeray) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। ओशिवारा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब साइबर सेल की मदद से संदिग्ध ट्रांजैक्शन, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच कर रही है। जांच का उद्देश्य ये पता लगाना है कि आरोपियों ने बैंक खाते तक पहुंच कैसे बनाई और बिना अनुमति के पैसे कैसे निकाले।
कौन हैं ऐश्वर्य ठाकरे?
ऐश्वर्य ठाकरे (Aishwarya Thakeray) बाल ठाकरे के पोते और स्मिता ठाकरे तथा जयदेव ठाकरे के बेटे हैं। वो अभिनय के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और अपनी मां स्मिता ठाकरे तथा दादी कुंदा चित्रे के साथ अंधेरी पश्चिम में रहते हैं। इस साइबर ठगी की घटना के बाद पुलिस मामले के सभी डिजिटल पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और ठगी के तरीके को लेकर जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: Tusshar Kapoor से मांगी 5 करोड़ की रंगदारी, बिश्नोई गैंग के नाम पर आया फोन




























