देश-विदेश

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर बॉलीवुड में दहशत फैलाने वाला गिरफ्तार, IT इंजीनियर निकला धमकीबाज!

लॉरेंस बिश्नोई गैंग
Image Source - Web

मुंबई: बॉलीवुड कलाकारों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी देकर करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में वैभव मिश्रा नाम के एक आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से आईटी इंजीनियर बताया जा रहा है। उस पर अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर समेत कई फिल्मी सितारों को धमकी भरे ईमेल और ऑडियो संदेश भेजने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर फिल्मी हस्तियों को डराता था और उनसे मोटी रकम की मांग करता था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे बेंगलुरु से हिरासत में लिया। अब पुलिस उसके पास से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और डिजिटल संदेशों की जांच कर रही है, ताकि धमकी भेजने के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाया जा सके।

आयुष्मान खुराना से मांगे 2 करोड़ रुपये

जांच से जुड़े पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभिनेता आयुष्मान खुराना को एक ऑडियो संदेश भेजकर धमकी दी गई थी। संदेश भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और कथित तौर पर 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।

इसी तरह अभिनेता तुषार कपूर को भी धमकी भरा ऑडियो संदेश मिला था। इसमें धमकी देने वाले ने खुद को बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया और कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की मांग की थी। हालांकि, शुरुआती जांच में इस धमकी के लिए इस्तेमाल किए गए ऑडियो के फर्जी होने की आशंका भी सामने आई थी।

अकेले कर रहा था धमकी देने का काम या पीछे कोई और भी शामिल?

डीसीपी राजतिलक रोशन के मुताबिक, वैभव मिश्रा की गिरफ्तारी से इस मामले की कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं। पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी अकेले ही बॉलीवुड सितारों को धमकी दे रहा था या इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति अथवा गिरोह भी शामिल है।

पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। इसके जरिए धमकी भरे ईमेल, ऑडियो संदेशों और फिरौती मांगने के लिए इस्तेमाल किए गए डिजिटल माध्यमों की जानकारी जुटाई जा रही है।

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद बढ़ी फिल्मी सितारों की चिंता

बॉलीवुड सितारों को मिल रही धमकियों के बीच अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना ने फिल्म इंडस्ट्री की चिंता बढ़ा दी है। 18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की गई थी। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी।

इसके बाद गैंग के कथित सदस्य अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सलमान खान के करीबी लोगों को धमकी दी थी। पोस्ट में सलमान खान से लॉरेंस बिश्नोई और बिश्नोई समुदाय से माफी मांगने की बात कही गई थी। धमकी भरे ऑडियो में सलमान खान के परिवार को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी भी दी गई थी।

लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद मुंबई पुलिस फिल्मी हस्तियों को मिलने वाली धमकियों को गंभीरता से ले रही है। वैभव मिश्रा की गिरफ्तारी से अब ये पता लगाने में मदद मिल सकती है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल कर बॉलीवुड सितारों को निशाना बनाने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: 16 साल बाद मुंबई के बायकुला चिड़ियाघर में फिर सुनाई देगी शेरों की दहाड़, गुजरात से आएंगे 4 एशियाई शेर

You may also like