महाराष्ट्र के पुणे में भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर Hardik Pandya के खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान को लेकर शिकायत दर्ज की गई है। ये मामला टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद हुए जश्न से जुड़ा बताया जा रहा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जश्न के दौरान पांड्या ने तिरंगा अपनी पीठ पर बांधकर डांस किया और बाद में जमीन पर लेट गए, जिससे राष्ट्रीय ध्वज का अपमान हुआ।
पुणे पुलिस ने इस संबंध में शिकायत स्वीकार कर ली है और मामले की आगे जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया वीडियो से शुरू हुआ विवाद
दरअसल, हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें Hardik Pandya अपनी गर्लफ्रेंड माहिका के साथ टी20 वर्ल्ड कप जीत का जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वो एक सेलिब्रेशन बॉक्स के ऊपर लेटे हुए दिखाई देते हैं और उनकी पीठ पर तिरंगा बंधा हुआ नजर आता है।
वीडियो सामने आने के बाद कुछ लोगों ने इसे राष्ट्रीय ध्वज के अपमान से जोड़ते हुए आपत्ति जताई, जिसके बाद पुणे में इस मामले को लेकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायतकर्ता ने लगाया राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप
इस मामले में शिकायतकर्ता और वकील वाजिद खान ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप जीत के जश्न के दौरान Hardik Pandya अपनी गर्लफ्रेंड के साथ डांस कर रहे थे और उनकी पीठ पर राष्ट्रीय ध्वज बंधा हुआ था।
उन्होंने कहा कि Prevention of Insults to National Honour Act, 1971 के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जिस तरह से जश्न के दौरान तिरंगे का इस्तेमाल किया गया, वह राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के अनुरूप नहीं था।
Hardik Pandya With His Girlfriend #T20WorldCupFinal2026 pic.twitter.com/LfA0lYuEgJ
— Fiyazul Rais (@fiyazul_rais) March 12, 2026
शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज हुई शिकायत
वाजिद खान ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में पुणे के Shivajinagar Police Station में शिकायत दर्ज कराई है। शुरुआत में पुलिस ने ये कहते हुए आपत्ति जताई कि ये घटना पुणे में नहीं हुई है, लेकिन शिकायतकर्ता ने तर्क दिया कि राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश का प्रतीक है, इसलिए कहीं से भी शिकायत दर्ज की जा सकती है। बाद में पुलिस ने शिकायत स्वीकार कर ली और इसकी एक प्रति भी शिकायतकर्ता को दी गई।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
पुणे पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जाएगी, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस जारी है और कई लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही ये स्पष्ट होगा कि इस मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।































