हाल के दिनों में सेलेब्रिटीज के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। अब इस सूची में अभिनेत्री कृति खरबंदा (Kriti Kharbanda) का नाम भी जुड़ गया है। 35 वर्षीय एक्ट्रेस ने खुद सामने आकर खुलासा किया है कि उनके नाम से व्हाट्सऐप पर एक फर्जी अकाउंट बनाया गया है, जिसके जरिए लोगों से संपर्क किया जा रहा है।
कृति खरबंदा (Kriti Kharbanda) ने इस मामले की जानकारी अपने इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से दी। उन्होंने संदिग्ध व्हाट्सऐप चैट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए साफ तौर पर बताया कि वो नंबर उनका नहीं है। साथ ही उन्होंने फैंस को चेतावनी देते हुए लिखा,
“ये बिल्कुल ठीक नहीं है। ये मेरा नंबर नहीं है। किसी और की पहचान बनकर सामने आना साफ तौर पर पहचान की चोरी है। कृपया सतर्क रहें।”
एक्ट्रेस का ये पोस्ट सोशल मीडिया पर मिनटों में वायरल हो गया। खास बात ये रही कि कृति ने ये जानकारी उसी दिन साझा की, जिस दिन उनके पति और अभिनेता पुलकित सम्राट का जन्मदिन था। ऐसे मौके पर भी कृति ने फैंस की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ये अहम चेतावनी जारी की।
ये कोई पहला मामला नहीं है जब किसी सेलिब्रिटी के नाम पर इस तरह की ठगी सामने आई हो। बीते कुछ समय से कई कलाकारों के नाम से फर्जी सोशल मीडिया और मैसेजिंग अकाउंट बनाकर लोगों को गुमराह करने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे फर्जी अकाउंट्स का मकसद अक्सर निजी जानकारी हासिल करना, आर्थिक ठगी करना या लोगों को भ्रमित करना होता है।
कृति खरबंदा ने समय रहते ये जानकारी साझा कर अपने फैंस को संभावित धोखाधड़ी से बचने की सलाह दी है। उनके इस कदम की सोशल मीडिया पर काफी सराहना हो रही है। फैंस लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं, उन्हें धन्यवाद कह रहे हैं और साथ ही सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर चिंता भी जता रहे हैं। कई यूजर्स ने ऑनलाइन ठगी के मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
काम की बात करें तो कृति खरबंदा हिंदी और कन्नड़ सिनेमा में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं और सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं। वो आखिरी बार फिल्म ‘14 फेरे’ और वेब सीरीज ‘राणा नायडू’ में नजर आई थीं, जो साल 2024 में रिलीज हुई थी। निजी जीवन में कृति ने 15 मार्च 2024 को अभिनेता पुलकित सम्राट से शादी की थी।
इस घटना ने एक बार फिर ये साबित कर दिया है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सतर्क रहना कितना जरूरी है, चाहे आम यूजर हो या कोई सेलिब्रिटी।
ये भी पढ़ें: जब मगरमच्छ ले गया बंदर, तो नदी में कूद पड़ी पूरी ‘वानर सेना’ – ओडिशा से इंसानियत सिखाने वाला दृश्य































