देश की प्रीमियम ट्रेनों में गिनी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर खाने की गुणवत्ता को लेकर सवालों में घिर गई है। ताजा मामला आगरा से वाराणसी जाने वाली वंदे भारत ट्रेन (गाड़ी संख्या 20176) का है, जहां एक यात्री ने नाश्ते में कीड़ा मिलने की शिकायत की है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया है और रेलवे से सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
यात्री ने शेयर किया वीडियो, हेल्पलाइन पर भी उठाए सवाल
मिली जानकारी के अनुसार, ये घटना सोमवार की है जब कोच C13 में यात्रा कर रहे एक यात्री को परोसे गए नाश्ते में कीड़ा मिला। यात्री ने इस पूरे मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा किया। वीडियो में यात्री न सिर्फ खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं, बल्कि उन्होंने रेलवे की हेल्पलाइन सेवा के काम न करने की शिकायत भी की है।
यात्री ने पोस्ट में लिखा कि क्या यात्री इसी तरह की “प्रीमियम सर्विस” के लिए पैसे देते हैं? उन्होंने इसे यात्रियों की सेहत के साथ खिलवाड़ बताते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
आज आगरा से वाराणसी जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 20176) में बेहद ही खराब अनुभव रहा। कोच C13 में परोसे गए नाश्ते में कीड़ा मिला @IRCTCofficial @RailMinIndia @VandeBharatExp महोदय कृपया कार्यवाही सुनिचित करें। क्रमशः pic.twitter.com/zXMbGxXOVK
— Journalist Mayank (@Journalistp4ub) May 1, 2026
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
ये पहली बार नहीं है जब वंदे भारत एक्सप्रेस में खाने को लेकर शिकायत सामने आई हो। पिछले कुछ समय में इस तरह की कई घटनाएं चर्चा में रही हैं।
- मार्च 2026: पटना-टाटानगर वंदे भारत (ट्रेन नंबर 21896) में खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर शिकायत हुई थी, जिसका वीडियो वायरल हुआ था।
- इस मामले में रेलवे ने सख्त कदम उठाते हुए IRCTC पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। साथ ही, फूड वेंडर पर 50 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाकर उसका कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दिया गया था।
- अहमदाबाद-मुंबई रूट: यहां एक यात्री ने खाने में जिंदा कीड़ा मिलने की शिकायत की थी।
- रानी कमलापति-नई दिल्ली रूट: इस ट्रेन में खाने में कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया था।
इन मामलों में रेलवे ने संबंधित वेंडर्स पर जुर्माना लगाने के साथ-साथ संबंधित किचन को सील भी किया था।
प्रीमियम छवि पर असर
वंदे भारत एक्सप्रेस अपनी तेज रफ्तार और आधुनिक सुविधाओं के लिए जानी जाती है। लेकिन बार-बार सामने आ रही ऐसी घटनाएं इसकी प्रीमियम छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं। यात्रियों का कहना है कि उच्च किराया देने के बावजूद अगर खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तो ये गंभीर चिंता का विषय है।
कार्रवाई की मांग तेज
ताजा मामले के बाद एक बार फिर रेलवे और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी पर सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों और सोशल मीडिया यूजर्स ने खाने की गुणवत्ता में सुधार और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
ये भी पढ़ें: “महाराष्ट्र में काम करना है तो मराठी सीखो!” मंत्री Pratap Sarnaik ने दिया अल्टिमेटम



























