बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद के लिए कानूनी परेशानियां बढ़ती नजर आ रही हैं। पंजाब के लुधियाना की अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। ये मामला धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ है, जिसमें सोनू सूद को गवाह के रूप में अदालत में पेश होना था, लेकिन उन्होंने समन के बावजूद उपस्थिति नहीं दी।
क्या है पूरा मामला?
लुधियाना के न्यायिक मजिस्ट्रेट रमनप्रीत कौर ने ये वारंट जारी किया है। मामले की शुरुआत एक वकील राजेश खन्ना की शिकायत से हुई, जिन्होंने 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मुख्य आरोपी मोहित शुक्ला ने उन्हें रिजिका कॉइन में निवेश करने का लालच दिया था। इस मामले में अदालत ने सोनू सूद को भी गवाही देने के लिए बुलाया था, लेकिन वे समन के बावजूद अदालत में उपस्थित नहीं हुए।
कोर्ट का आदेश क्या कहता है?
लुधियाना कोर्ट ने मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन को निर्देश दिया है कि वे सोनू सूद को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करें। आदेश में कहा गया है कि अभिनेता को पहले ही समन या वारंट जारी किया गया था, लेकिन वे पेश नहीं हुए। इसलिए अब पुलिस को उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और उन्हें अदालत के सामने पेश करने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस को क्या करना होगा?
कोर्ट ने पुलिस को आदेश दिया है कि 10 फरवरी 2025 से पहले तक इस वारंट को तामील किया जाए। साथ ही, पुलिस को ये प्रमाण भी देना होगा कि वारंट को कब और कैसे निष्पादित किया गया या फिर किस वजह से इसे पूरा नहीं किया जा सका।
अगली सुनवाई कब होगी?
इस मामले की अगली सुनवाई 10 फरवरी 2025 को होगी। अब सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि क्या सोनू सूद अदालत में पेश होंगे या फिर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा?
ये भी पढ़ें: सान्या मल्होत्रा बनीं ‘मिसेज’, ब्राइडल लुक में मचाया धमाल