देश-विदेश

वैलेंटाइन डे पर Anil Agarwal का भावुक संदेश: “किरन, तुम मेरी हिम्मत और मेरी ताकत हो”

Anil Agarwal
Image Source - web

वेदांता समूह के चेयरमैन और देश के प्रमुख उद्योगपतियों में शामिल अनिल अग्रवाल (Anil Agarwal) ने वैलेंटाइन डे के अवसर पर अपनी पत्नी किरन अग्रवाल के नाम एक भावुक संदेश साझा किया। ये अवसर उनके वैवाहिक जीवन के 50 वर्ष पूरे होने के ठीक एक दिन बाद आया, जिससे ये दिन उनके लिए और भी विशेष बन गया।

13 फरवरी को अनिल और किरन अग्रवाल की शादी के 50 वर्ष पूरे हुए। इस खास मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने जीवनसाथी के प्रति आभार, प्रेम और सम्मान व्यक्त किया।

पचास साल का साथ: धूप-छांव से भरी यात्रा

अनिल अग्रवाल (Anil Agarwal) ने अपने संदेश में लिखा कि इन पचास वर्षों में जीवन ने उन्हें हर रंग दिखाया। कभी खुशियां, तो कभी गहरे दुख। उन्होंने बताया कि शादी के शुरुआती करीब 20 वर्षों तक वे अलग-अलग शहरों में रहे। उस दौर में न वीडियो कॉल की सुविधा थी और न ही तुरंत संदेश भेजने की तकनीक।

उन्होंने इसे आज की भाषा में “लॉन्ग-डिस्टेंस रिलेशनशिप” जैसा बताया और कहा कि कभी-कभी महीनों तक एक-दूसरे से मुलाकात नहीं हो पाती थी।

उन्होंने एक पुरानी याद साझा करते हुए लिखा कि एक बार किरन अकेले मुंबई आई थीं, एक हाथ में सूटकेस और दूसरे हाथ में एक साल के बेटे अग्निवेश को लेकर, सिर्फ इसलिए कि वे कुछ समय साथ बिता सकें।

बेटे के निधन का गहरा दुख

इस भावुक पोस्ट में अनिल अग्रवाल (Anil Agarwal) ने अपने इकलौते बेटे अग्निवेश अग्रवाल को भी याद किया, जिनका हाल ही में अमेरिका में स्कीइंग के दौरान एक दुर्घटना में निधन हो गया था। 49 वर्षीय अग्निवेश की असामयिक मृत्यु ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

उन्होंने लिखा कि बच्चे को खोने से बड़ा कोई दर्द नहीं होता। टूटे दिल के साथ वे और उनकी पत्नी धीरे-धीरे खुद को संभालने की कोशिश कर रहे हैं।

जीवनसाथी के प्रति आभार

अनिल अग्रवाल (Anil Agarwal) ने कहा कि जीवन की छोटी-छोटी खुशियों से लेकर बड़े से बड़े दुख तक, उन्होंने और किरन ने हमेशा एक-दूसरे का हाथ थामे रखा।

उन्होंने अपने संदेश में लिखा, “मैं भगवान का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने किरन को मेरी जिंदगी में भेजा। किरन, तुम सिर्फ मेरी जीवनसाथी ही नहीं, मेरी सबसे अच्छी दोस्त भी हो… मेरी हिम्मत, मेरी ताकत… मेरा सब कुछ।”

वेदांता समूह और अनिल अग्रवाल की प्रोफाइल

‘मेटल किंग’ के नाम से मशहूर अनिल अग्रवाल वेदांता (Anil Agarwal) समूह के संस्थापक और चेयरमैन हैं। कंपनी का कारोबार खनिज, तेल और गैस के अन्वेषण एवं प्रसंस्करण से जुड़ा है।

वेदांता समूह का संचालन भारत, अफ्रीका, आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में फैला हुआ है। कंपनी के लगभग 64 हजार कर्मचारी और कॉन्ट्रैक्टर्स कार्यरत हैं, और इसके उत्पादों की बिक्री वैश्विक स्तर पर होती है।

फोर्ब्स के अनुसार, अनिल अग्रवाल (Anil Agarwal) की अनुमानित नेटवर्थ करीब 3 अरब डॉलर (लगभग 27,000 करोड़ रुपये) है। वे भारत के शीर्ष 100 अमीरों में शामिल हैं।

भावनाओं से भरा वैलेंटाइन डे

वैलेंटाइन डे के मौके पर किया गया ये पोस्ट केवल प्रेम का इजहार नहीं था, बल्कि जीवन की लंबी साझेदारी, संघर्ष, परिवार और अपनों के साथ की अहमियत का संदेश भी था।

अनिल अग्रवाल (Anil Agarwal) का ये संदेश बताता है कि सफलता के शिखर पर पहुंचने के बावजूद परिवार और रिश्तों की अहमियत सबसे ऊपर होती है।

ये भी पढ़ें: ‘हर दिन खुलकर जीना चाहिए’: कैंसर सर्वाइवर Hina Khan ने साझा किया जिंदगी को देखने का सकारात्मक नजरिया

You may also like