April 2026 Bank Holiday Alert: नए वित्त वर्ष की शुरुआत के साथ अप्रैल का महीना कई अहम बदलाव लेकर आता है। ऐसे में अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, अप्रैल 2026 में देशभर में अलग-अलग कारणों से कुल 14 दिन बैंक बंद रहेंगे।
अप्रैल में क्यों बंद रहेंगे बैंक?
अप्रैल महीने में बैंक छुट्टियों की संख्या अधिक रहने की मुख्य वजह वीकेंड और विभिन्न राष्ट्रीय व क्षेत्रीय त्योहार हैं। इन 14 छुट्टियों में 4 रविवार और दूसरे व चौथे शनिवार शामिल हैं, जबकि बाकी दिनों में अलग-अलग राज्यों में त्योहारों के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
महीने की शुरुआत 1 अप्रैल से ही छुट्टी के साथ हो रही है। इस दिन वार्षिक अकाउंट क्लोजिंग के कारण बैंक शाखाओं में कोई भी ऑफलाइन कामकाज नहीं होता। इसके बाद 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे और 14 अप्रैल को डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती के मौके पर देशभर में बैंक बंद रहेंगे। इसी दिन बैसाखी, तमिल नव वर्ष और बोहाग बिहू जैसे त्योहार भी कई राज्यों में मनाए जाएंगे, जिससे बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
अलग-अलग राज्यों में अलग छुट्टियां
अप्रैल महीने में कई क्षेत्रीय त्योहार भी आते हैं, जिनके कारण अलग-अलग राज्यों में बैंक बंद रहते हैं। उदाहरण के तौर पर 2 अप्रैल को केरल में मौंडी थर्सडे के कारण बैंक बंद रहेंगे। 15 अप्रैल को बंगाली नववर्ष, हिमाचल दिवस और विशु जैसे पर्वों के चलते कई शहरों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी।
इसी तरह 16 अप्रैल को असम में बोहाग बिहू, 20 अप्रैल को कर्नाटक में बसव जयंती और अक्षय तृतीया, तथा 21 अप्रैल को त्रिपुरा में गरिया पूजा के कारण बैंक बंद रहेंगे।
डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी चालू
हालांकि, बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद ग्राहकों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी। एटीएम, मोबाइल बैंकिंग, नेट बैंकिंग और यूपीआई जैसी सभी डिजिटल सेवाएं 24×7 उपलब्ध रहेंगी। आप पैसे ट्रांसफर, बिल पेमेंट और अन्य जरूरी काम आसानी से ऑनलाइन कर सकेंगे।
शेयर बाजार पर भी असर
सिर्फ बैंक ही नहीं, अप्रैल महीने में शेयर बाजार भी कुल 10 दिन बंद रहेगा। इसमें वीकेंड के अलावा गुड फ्राइडे और आंबेडकर जयंती जैसे महत्वपूर्ण अवकाश शामिल हैं। ऐसे में निवेशकों को भी ट्रेडिंग प्लान पहले से तैयार करने की सलाह दी जाती है।
अप्रैल 2026 में बैंक छुट्टियों की संख्या अधिक होने के कारण ग्राहकों को अपने जरूरी काम पहले से प्लान करने चाहिए। बैंक जाने से पहले हॉलिडे लिस्ट जरूर चेक करें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके। हालांकि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं लगातार चालू रहेंगी, जिससे लेन-देन में कोई रुकावट नहीं आएगी।
ये भी पढ़ें: जयपुर में ‘Pink Elephant’ विवाद: फोटोशूट के लिए हाथी को रंगा गुलाबी, भड़के लोग































