मनामा (बहरीन) में चल रहे एशियन यूथ गेम्स 2025 में भारत के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। शनिवार को भारत ने दो और पदक अपने नाम किए। MMA में श्रिया मिलिंद साटम ने सिल्वर और 200 मीटर दौड़ में भूमिका नेहाते ने ब्रॉन्ज जीतकर देश का नाम रोशन किया। इन दो पदकों के साथ भारत की कुल पदक संख्या बढ़कर 17 हो गई है, जिसमें 2 गोल्ड, 6 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज शामिल हैं। इस समय भारत 10वें स्थान पर है।
श्रिया साटम का दमदार प्रदर्शन MMA में
भारतीय खिलाड़ी श्रिया मिलिंद साटम ने पारंपरिक मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) में गर्ल्स 50 किग्रा वर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। बहरीन के Exhibition World Stadium में हुए इस मुकाबले में श्रिया ने अपने ग्रुप मुकाबलों में शानदार जीत हासिल की थी और फाइनल तक का सफर तय किया। हालांकि, फाइनल में कजाकिस्तान की अमेलिना बाकियेवा के खिलाफ उन्हें आर्म सबमिशन के चलते हार का सामना करना पड़ा और वे सिल्वर पर रुक गईं।

इसके साथ ही भारत ने MMA में कुल दो पदक जीते हैं। इससे पहले वीर भडू ने बॉयज़ 80 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
भूमिका नेहाते की स्पीड ने जीता दिल
दिन के दूसरे मुकाबले में भारत की भूमिका नेहाते ने गर्ल्स 200 मीटर स्प्रिंट में ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। बहरीन नेशनल स्टेडियम में आयोजित इस रेस में भूमिका ने 24.43 सेकंड का अपना पर्सनल बेस्ट टाइम दर्ज किया। रेस में चीन की चेन शिनशुआन ने 24.08 सेकंड में गोल्ड जीता, जबकि यूएई की अरवा अशर ने 24.14 सेकंड में सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
आपको बता दें कि इस इवेंट का एशियन यूथ गेम्स रिकॉर्ड चीन की चेन युजी के नाम है, जिन्होंने 22.97 सेकंड में ये रिकॉर्ड बनाया था।
शॉट पुट में भी दिखा भारतीय दम
भारत के रवि ने बॉयज़ शॉट पुट इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 16.23 मीटर तक गोला फेंका। हालांकि, वे सिर्फ 0.14 मीटर के अंतर से पदक से चूक गए और चौथे स्थान पर रहे।

भारत का प्रदर्शन जारी
एशियन यूथ गेम्स 2025 में इस बार 222 भारतीय एथलीट हिस्सा ले रहे हैं, जो विभिन्न खेलों में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ये प्रतियोगिता 31 अक्टूबर तक चलेगी, और उम्मीद है कि भारत आने वाले दिनों में और भी पदक अपने नाम करेगा।
ये भी पढ़ें: धर्मेंद्र से प्यार करती थीं जया बच्चन, हेमा मालिनी के सामने खुद किया था खुलासा































