Bhiwandi Bans Heavy Vehicles: भिवंडी शहर में हर दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों का जीना मुहाल हो चुका था। संकरी सड़कों और भारी वाहनों की भीड़ ने हालात और बिगाड़ दिए थे। अब इस समस्या से निपटने के लिए ठाणे यातायात पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। भिवंडी में छह पहिया या उससे बड़े वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। ये आदेश ठाणे शहर यातायात विभाग के पुलिस उपायुक्त पंकज शिरसाट ने जारी किया है।
भिवंडी की आबादी अब 13 लाख से ज्यादा हो चुकी है। शहर में पंजीकृत वाहनों की संख्या करीब 4,51,683 है। चूंकि भिवंडी एक बड़ा औद्योगिक केंद्र है, इसलिए गुजरात, नासिक और अन्य राज्यों से हर दिन सैकड़ों ट्रक और भारी गाड़ियां यहां आती हैं। इनकी वजह से शहर की सड़कों पर लंबा जाम लग जाता था, जिससे स्थानीय लोगों को खासी परेशानी होती थी।
अब नए नियमों के तहत गुजरात, वाड़ा और नासिक-मुंबई अंजुरकाटा मार्ग से आने वाले भारी वाहनों को भिवंडी शहर में घुसने की इजाजत नहीं होगी। इन वाहनों को कंजारपट्टी नाका फ्लाईओवर से डायवर्ट किया जाएगा। ये गाड़ियां अब चाविन्द्रा, कड़ापे और मानकोली मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक जाएंगी। इससे शहर की सड़कों पर दबाव कम होगा।
इसी तरह, कल्याण और मुंबई से वाड़ा या गुजरात की ओर जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश भी राजनोली नाका और अंजुरपाटा क्षेत्र में बंद कर दिया गया है। इन वाहनों को राजनोली नाका से बाएं मुड़कर वाविन्द्र-कंजारपट्टी पुल के रास्ते जाना होगा। ये वैकल्पिक मार्ग शहर के अंदर ट्रैफिक को कम करने में मदद करेंगे।
हालांकि, ये प्रतिबंध सिर्फ व्यावसायिक और भारी वाहनों पर लागू होगा। फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस नियम से छूट दी गई है। इससे जरूरी सेवाओं में कोई रुकावट नहीं आएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कदम से भिवंडी की सड़कों पर ट्रैफिक का बोझ काफी हद तक कम होगा। रोजाना घंटों जाम में फंसने की समस्या से अब राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर बाजार और संकरी गलियों में, जहां भारी वाहनों की वजह से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था, वहां अब हालात बेहतर होंगे।
नए नियम लागू होने के बाद भिवंडी में यातायात व्यवस्था सुधरेगी और लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में आसानी होगी। शहरवासियों को अब ये उम्मीद है कि सड़कों पर जाम की समस्या कम होगी और आवागमन सुगम हो सकेगा।
ये भी पढ़ें: Uddhav-Raj Meet at Ganeshotsav: उद्धव ठाकरे पहुंचेंगे राज के घर, गणेशोत्सव बना सियासत का सेतु!






























