महाराष्ट्र के बीड शहर में जन्मदिन की पार्टी एक खौफनाक मंजर में बदल गई। 22 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र यश देवेंद्र ढाका की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हैरानी की बात ये है कि ये वारदात उसके ही परिचित दोस्त सूरज अप्पासाहब काटे ने अंजाम दी। पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल से कुछ ही देर बाद गिरफ्तार कर लिया, लेकिन पूरे शहर में सनसनी फैल गई।
जन्मदिन पार्टी से उठी चीख-पुकार
25 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे बीड के व्यस्त माने कॉम्प्लेक्स इलाके में यश अपने दोस्तों संग जन्मदिन मना रहा था। इसी दौरान सूरज काटे से किसी बात पर कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि गुस्से में सूरज ने यश के सीने में चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल यश को तुरंत बीड सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरानी दुश्मनी बनी जानलेवा
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यश और सूरज के बीच पहले से विवाद चल रहा था। करीब एक महीने पहले दोनों में झगड़ा हुआ था और यही रंजिश जन्मदिन पार्टी में खूनी अंजाम तक पहुंच गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे की असली वजह और अन्य कड़ियां जांच के बाद साफ होंगी।
पत्रकार का बेटा था यश
हत्या की यह वारदात और भी चौंकाने वाली इसलिए है क्योंकि मृतक यश ढाका स्थानीय अखबार के पत्रकार देवेंद्र ढाका का बेटा था। इस खबर के सामने आने के बाद न केवल बीड शहर बल्कि पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है।
शहर में तनाव और पुलिस की कड़ी निगरानी
घटना के बाद बीड में तनाव फैल गया है। एहतियातन इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इस मामले में जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी और दोषी को कठोर सजा दिलाने की पूरी कोशिश होगी।
ये घटना एक बार फिर बीड शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। जहां युवाओं के बीच पुरानी रंजिश इतनी खतरनाक शक्ल ले रही है कि सार्वजनिक जगहों पर भी खून-खराबा करने से आरोपी नहीं हिचकिचाते।
ये भी पढ़ें: मुंबई: पारिवारिक जुल्म से तंग बेटे ने की पिता और दादा की हत्या