महाराष्ट्र

बीड में चॉकलेट बनी मासूम की मौत की वजह, 7 महीने की बच्ची ने तोड़ा दम

चॉकलेट
Image Source - Web

महाराष्ट्र के बीड जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां सात महीने की मासूम बच्ची की मौत केवल इसलिए हो गई क्योंकि उसके गले में चॉकलेट का टुकड़ा फंस गया। ये हादसा इतना अचानक हुआ कि देखते ही देखते खेलती-कूदती मासूम हमेशा के लिए चली गई।

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची का नाम आरोही आनंद खोड़ था। घर में खेलते-खेलते उसने चॉकलेट का एक टुकड़ा मुंह में डाल लिया। लेकिन निगलने की कोशिश में चॉकलेट उसके गले में फंस गई। जैसे ही टुकड़ा फंसा, बच्ची की हालत बिगड़ने लगी। उसने छटपटाना शुरू कर दिया।

अस्पताल पहुंचने से पहले गई मासूम की जान
परिवार के लोग तुरंत उसे लेकर अस्पताल दौड़े। लेकिन वहां पहुंचने तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच करने के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से घर में मातम पसरा हुआ है और माता-पिता गहरे सदमे में हैं।

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
छोटे बच्चों के गले में कोई चीज फंसने से मौत होना कोई नया मामला नहीं है। हाल ही में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से भी ऐसी ही खबर आई थी, जहां एक बच्चे के गले में चना फंसने से उसकी जान चली गई थी। वहीं फर्रुखाबाद में पांच साल की एक बच्ची खेलते समय गुब्बारा मुंह में डाल बैठी। गुब्बारा गले में फंस गया और उसकी भी मौके पर मौत हो गई।

बच्चों के लिए कितनी खतरनाक हो सकती है लापरवाही
इन घटनाओं ने एक बार फिर ये साफ कर दिया है कि छोटे बच्चों को खाने-पीने की चीजें या छोटे खिलौने बिना निगरानी के देना कितना खतरनाक हो सकता है। एक छोटी सी असावधानी बच्चों की जान तक ले सकती है।

बीड की ये घटना हर माता-पिता के लिए चेतावनी है कि बच्चों के आसपास हमेशा सतर्क रहें और उन्हें ऐसी चीजें बिल्कुल न दें जो गले में फंस सकती हों।

ये भी पढ़ें: Naval Academy Shooting: अमेरिका में 9/11 के दिन नौसेना अकादमी में फायरिंग, लॉकडाउन, जांच जारी!

You may also like