देश-विदेश

डीसीपी सुधाकर पठारे की सड़क हादसे में मौत, महाराष्ट्र पुलिस में शोक की लहर

डीसीपी सुधाकर पठारे
Image Source - Web

महाराष्ट्र पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी डीसीपी सुधाकर पठारे की एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई है। वो हैदराबाद में ट्रेनिंग के लिए गए थे और आज (29 मार्च) अपने रिश्तेदार के साथ ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए निकले थे, जब ये दर्दनाक हादसा हुआ। इस दुर्घटना में उनके रिश्तेदार की भी जान चली गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईपीएस सुधाकर पठारे तेलंगाना के श्रीशैलम से नगरकुरनूल की ओर जा रहे थे, जब उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई। ये टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गई। इस दुखद घटना की जानकारी मुंबई पुलिस को भी दी गई है।

साल 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी सुधाकर पठारे की मौत की खबर से महाराष्ट्र पुलिस बल में गमगीन माहौल है। वे एक अनुभवी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे, जिन्होंने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी थीं।

सुधाकर पठारे का सफर बेहद प्रेरणादायक रहा है। वो मूल रूप से अहमदनगर जिले के वलवाने गांव के रहने वाले थे। उन्होंने एमएससी (एग्रीकल्चर) और एलएलबी की पढ़ाई की थी। साल 1995 में प्रतियोगी परीक्षा पास कर जिला विशेष लेखा परीक्षक बने। इसके बाद 1996 में सेल्स टैक्स ऑफिसर (क्लास-1) के रूप में चुने गए। 1998 में पुलिस उपाधीक्षक के रूप में चयन के बाद उन्होंने पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं शुरू कीं।

अपने करियर के दौरान उन्होंने महाराष्ट्र के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सेवाएं दीं। वे पंढरपुर, अकलुज, कोल्हापुर शहर और राजुरा में पुलिस उपाधीक्षक के रूप में कार्यरत रहे। इसके अलावा, उन्होंने चंद्रपुर, वसई और अमरावती (सीआईडी) में अपर पुलिस अधीक्षक के तौर पर काम किया। मुंबई, ठाणे, पुणे, वाशी, नवी मुंबई और ठाणे शहर में पुलिस उपायुक्त के रूप में भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ वे महाराष्ट्र पुलिस के विभिन्न कार्यक्रमों में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे।

डीसीपी सुधाकर पठारे का अचानक जाना महाराष्ट्र पुलिस के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनका योगदान, सेवा और समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। उनकी अकाल मृत्यु ने पुलिस बल और उनके परिवार को गहरे शोक में डाल दिया है।

ये भी पढ़ें: Saif Ali Khan Attack: सैफ पर हमले की कहानी में उलझन; शरीफुल का दावा- मैंने कुछ नहीं किया, कोर्ट में मांगी जमानत

You may also like