महाराष्ट्र

ढोंगी ज्योतिषी खरात का ‘अजीब’ कबूलनामा: यौन शोषण को बताया ‘धार्मिक विधि’, उत्तेजक दवाओं के ओवरडोज से हुआ था लकवा!

अशोक खरात
Image Source - Web

पुणे/मुंबई: कुख्यात ढोंगी ज्योतिषी अशोक खरात के खिलाफ एसआईटी (SIT) की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, रूह कंपा देने वाले और शर्मनाक खुलासे सामने आ रहे हैं। 11 एफआईआर और दर्जनों महिलाओं के यौन शोषण के आरोपों से घिरे खरात से 19 मार्च से लगातार पूछताछ जारी है। इस दौरान आरोपी ने न केवल अपने कृत्यों को सही ठहराने की कोशिश की, बल्कि जांच अधिकारियों को भ्रमित करने के लिए तंत्र-मंत्र का सहारा भी लिया।

यौन शोषण पर ‘धार्मिक विधि’ का तर्क
एसआईटी की पूछताछ में जब खरात के सामने यौन शोषण से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो रखे गए, तो उसने बेहद अजीब और आपत्तिजनक तर्क दिया। खरात ने दावा किया कि महिलाओं के साथ वह जो कुछ भी करता था, वह किसी ‘धार्मिक विधि’ का हिस्सा था। उसने यह भी कहा कि उसने किसी के साथ जबरदस्ती नहीं की और किसी भी महिला ने कभी उसका विरोध नहीं किया। आरोपी का आरोप है कि उसके विरोधियों ने उसे फंसाने के लिए साजिश रची है, वरना किसी पीड़ित को उससे कोई शिकायत नहीं थी।

पूछताछ के दौरान तंत्र-मंत्र का ड्रामा
एसआईटी सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान खरात कई बार अजीब हरकतें करने लगता है। वह अचानक बीच में ही मंत्र पढ़ने लगता है या अपने दाएं हाथ की तीन उंगलियों को हवा में घुमाते हुए तांत्रिक क्रियाएं करने का दिखावा करता है। पुलिस इसे जांच से बचने और मानसिक रूप से दबाव बनाने का एक पैंतरा मान रही है।

उत्तेजक दवाओं का ओवरडोज और लकवा
जांच में एक बेहद चौंकाने वाली जानकारी यह सामने आई है कि करीब डेढ़ साल पहले खरात को जो लकवे (Paralysis) का झटका आया था, उसका कारण कोई प्राकृतिक बीमारी नहीं थी। अस्पताल की रिपोर्ट और जांच से पता चला है कि उत्तेजक दवाओं (Stimulant Drugs) का अत्यधिक सेवन ही उसकी इस हालत का मुख्य कारण था। अधिक दवाओं के सेवन के कारण उसके शरीर का संतुलन बिगड़ गया और वह गंभीर रूप से बीमार पड़ गया था।

एचआईवी रिपोर्ट आई निगेटिव
चूंकि खरात पर कई महिलाओं के साथ शारीरिक संबंध बनाने और शोषण के आरोप हैं, इसलिए पुलिस ने सुरक्षा और स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से उसकी एचआईवी (HIV) जांच करवाई थी। यह जांच पीड़ित महिलाओं के भविष्य और सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही थी। राहत की बात यह है कि खरात की एचआईवी रिपोर्ट निगेटिव आई है।

एसआईटी अब खरात के उन ‘विरोधियों’ के दावों की भी जांच कर रही है जिन्हें वह साजिशकर्ता बता रहा है, साथ ही उन महिलाओं के बयान दर्ज किए जा रहे हैं जो इस ढोंगी के चंगुल में फंसी थीं।

ये भी पढ़ें: 40,000 करोड़ का महाघोटाला: आरकॉम के पूर्व अध्यक्ष पुनीत गर्ग पर ईडी का शिकंजा, न्यूयॉर्क तक बिछाया था मनी लॉन्ड्रिंग का जाल

You may also like