मुंबई

मुंबई में मिला GBS का पहला केस, अलर्ट पर आया स्वास्थ विभाग

GBS
Image Source - Web

पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र में एक दुर्लभ बीमारी, गिलियन बैरे सिंड्रोम (GBS) के मामले बढ़ते जा रहे हैं। अब तक इस बीमारी से 6 लोगों की मौत हो चुकी है, और कई मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। चिंताजनक बात ये है कि अब मुंबई में भी इस बीमारी का पहला मामला दर्ज किया गया है।

मुंबई के अंधेरी ईस्ट, मालपा डोंगरी इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति में GBS के लक्षण देखे गए, जिसके बाद जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई। मरीज को तुरंत नगर निगम के सेवन हिल्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस खबर के सामने आने के बाद से मुंबईवासियों में डर का माहौल है।

GBS के मामले केवल मुंबई तक सीमित नहीं हैं। राज्य के अन्य जिलों में भी इसके कई मरीज सामने आए हैं। पुणे में अब तक 173 मरीज, जिनमें से 140 संक्रमित पाए गए हैं। अहिल्यानगर में 4 संदिग्ध मरीज मिले हैं। गोंदिया में 1 संदिग्ध मरीज सामने आया है। नंदुरबार में 2 छोटे बच्चे संक्रमित पाए गए हैं। वर्तमान में, 21 मरीज वेंटिलेटर पर हैं, और सरकार इस बीमारी पर काबू पाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

मुंबई में पहला मामला सामने आने के बाद, अंधेरी ईस्ट के विधायक मुरजी पटेल ने सेवन हिल्स हॉस्पिटल का दौरा किया और मरीज से मुलाकात की। उन्होंने हॉस्पिटल के डीन से चर्चा कर GBS के मरीजों के लिए 50 बेड आरक्षित करने का सुझाव दिया। साथ ही, उन्होंने कहा कि इन रोगियों को महात्मा फुले जीवनदायी योजना के तहत मुफ्त इलाज मिलना चाहिए।

महाराष्ट्र सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने इस बीमारी को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। प्रभावित जिलों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, और इसके रोकथाम के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

गिलियन बैरे सिंड्रोम (GBS) एक दुर्लभ लेकिन गंभीर न्यूरोलॉजिकल बीमारी है, जिसमें व्यक्ति की इम्यून सिस्टम उसके खुद के नर्वस सिस्टम पर हमला करने लगती है। इसके प्रमुख लक्षणों में मांसपेशियों में कमजोरी, हाथ-पैरों में झुनझुनी, चलने में दिक्कत और सांस लेने में कठिनाई शामिल हैं।

किसी भी प्रकार की संदिग्ध कमजोरी या झुनझुनी महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। स्वस्थ आहार और मजबूत इम्यूनिटी बनाए रखें। सुरक्षित और स्वच्छ खानपान अपनाएं। यदि आपके क्षेत्र में GBS के मामले बढ़ रहे हैं तो अस्पताल द्वारा दी गई गाइडलाइन्स का पालन करें।

ये भी पढ़ें: मुंबई: बॉयफ्रेंड ने की बेवफाई, प्रेग्नेंट लड़की ने वीडियो बनाकर की खुदकुशी

You may also like