भारत सरकार ने वरिष्ठ भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी विपुल को सऊदी अरब में भारत का नया राजदूत नियुक्त किया है। 1998 बैच के IFS अधिकारी विपुल वर्तमान में कतर में भारत के राजदूत के रूप में कार्यरत हैं और जल्द ही सऊदी अरब में अपना नया कार्यभार संभालेंगे।
विपुल सऊदी अरब में भारत के राजदूत नियुक्त होने वाले पहले हिंदू IFS अधिकारी बन गए हैं। उनसे पहले इस पद पर डॉ. सुहैल एजाज खान कार्यरत थे, जिन्होंने जनवरी 2023 में जिम्मेदारी संभाली थी।
अपने लंबे राजनयिक करियर में विपुल ने मिस्र की राजधानी काहिरा, श्रीलंका के कोलंबो, स्विट्जरलैंड के जिनेवा और संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने राजनीतिक संबंधों, व्यापार, विकास सहयोग, अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और मीडिया मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व निभाए हैं।
विदेश मंत्रालय में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वह 2014 से 2017 तक संयुक्त सचिव रहे, जबकि 2017 से 2020 के बीच दुबई में भारत के महावाणिज्य दूत (कॉन्सुल जनरल) के रूप में सेवाएं दीं। खाड़ी देशों में उनके व्यापक अनुभव को उनकी सबसे बड़ी ताकत माना जाता है।
उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब भारत और सऊदी अरब के बीच व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा और रणनीतिक सहयोग लगातार मजबूत हो रहा है। सऊदी अरब में बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक रहते और काम करते हैं, ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि विपुल का अनुभव दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ये भी पढ़ें: इंस्टाग्राम फ्रेंडशिप बनी मौत की वजह, महाराष्ट्र में युवक की हत्या से सनसनी
























