Gadchiroli Encounter: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के फोदेवाड़ा जंगल परिसर में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस ऑपरेशन में गड़चिरोली विभागीय कमेटी के प्रभारी और 25 लाख रुपये के इनामी नक्सली प्रभाकर सहित कुल 7 नक्सलियों को मार गिराया गया है। हालांकि, इस वीरतापूर्ण संघर्ष में अहेरी तहसील के जवान दीपक चिन्ना मडावी ने अपनी जान का बलिदान दे दिया।
मुठभेड़ का विवरण
सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है, जिसमें मुठभेड़ के दौरान कुल 7 नक्सली मारे गए हैं, जिनमें 3 महिला नक्सली भी शामिल हैं। इस कार्रवाई में सी-60 के बहादुर जवान दीपक चिन्ना मडावी (38 वर्ष), निवासी दामरंचा (मांड्रा), वीरगति को प्राप्त हुए। ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने 3 एके-47 राइफल, 1 एसएलआर, 1 .303 राइफल तथा भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की है। यह अभियान सी-60 की 14 विशेष टीमों द्वारा संयुक्त रूप से अंजाम दिया गया।
कैसे चला ऑपरेशन?
3 फरवरी की शाम को पुलिस को सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ के कुछ नक्सलियों के साथ स्थानीय नक्सली फोदेवाड़ा के जंगलों में छिपे हैं। इसके तुरंत बाद पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया। 4 फरवरी से लेकर शुक्रवार तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही।
शुक्रवार दोपहर तक तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को कुल 7 शव बरामद हुए। मारे गए नक्सलियों में से अब तक केवल प्रभाकर की शिनाख्त हो पाई है, जबकि अन्य 6 की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
शहीद दीपक मडावी की बहादुरी को पूरा देश नमन करता है। एक तरफ जहां सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की कमर तोड़ दी है, वहीं एक जांबाज साथी को खोने का गम भी है।”































