Gen Z Avoids Physical Relations: आज की नई पीढ़ी, जिसे जेन-जी कहते हैं, हर काम में सोच-समझकर कदम रखती है। ये 1997 से 2012 के बीच जन्मे लोग हैं, जो सोशल मीडिया के दौर में बड़े हुए हैं। लेकिन एक चौंकाने वाली बात सामने आई है कि जेन-जी के युवा यौन संबंधों से दूर भाग रहे हैं। एक सर्वे के मुताबिक, हर चार में से एक जेन-जी युवा ने कभी फिजिकल रिलेशन नहीं बनाया।
अमेरिका में सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन की रिपोर्ट बताती है कि 2013 में हाईस्कूल के 50 फीसदी छात्रों ने यौन संबंध बनाए थे, लेकिन 2023 में ये संख्या घटकर 33 फीसदी रह गई। द गार्जियन ने 2022 की एक रिपोर्ट में बताया कि जेन-जी में सेक्स के प्रति रुचि कम हो रही है। इसके लिए अमेरिका के 100 युवाओं से बात की गई, जिसके आधार पर एक किताब भी लिखी गई।
जेन-जी का कहना है कि वो रिलेशनशिप में जल्दबाजी नहीं करना चाहते। सेक्स को लेकर उनके मन में डर है। 2022 में अमेरिका में रो बनाम वेड केस के उलटने के बाद गर्भपात गैरकानूनी हो गया, जिससे युवा गर्भावस्था या कानूनी सजा से डरने लगे। सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल के डेटा के अनुसार, 2019 से 2021 के बीच 15 से 44 साल के 60 फीसदी पुरुषों और 66 फीसदी महिलाओं ने सेक्स के दौरान कंडोम का इस्तेमाल नहीं किया।
इसके अलावा, जेन-जी अपनी बॉडी इमेज को लेकर बहुत सजग है। वो मोटा दिखना नहीं चाहते। कई युवा सेक्स के बारे में पॉर्न से जानकारी लेते हैं, जहां टोन्ड बॉडी दिखाई जाती है। इस वजह से वो अपनी शारीरिक बनावट को लेकर चिंतित रहते हैं और सेक्स से दूरी बनाए रखते हैं।
सोशल मीडिया और मेंटल हेल्थ का असर भी जेन-जी की जिंदगी पर पड़ता है। वो रिश्तों में धीरे-धीरे आगे बढ़ना चाहते हैं और किसी भी रिलेशनशिप में आने से पहले सामने वाले को अच्छे से समझना पसंद करते हैं।