सोना-चांदी हुआ सस्ता: अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में सोने और चांदी के दामों में आई गिरावट ने उपभोक्ताओं को राहत दी है। लगातार बढ़ती कीमतों के बाद अब बाजार में ठंडक देखने को मिल रही है। अगर आप आने वाले शादी-ब्याह के मौसम में गहनों की खरीदारी की सोच रहे हैं, तो ये समय आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
25 अक्टूबर को देशभर के सर्राफा बाजारों में सोना और चांदी दोनों के दाम नीचे आए। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोना घटकर ₹1,24,510 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है, जबकि 22 कैरेट सोना ₹1,14,140 प्रति 10 ग्राम में बिक रहा है। मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, अहमदाबाद और लखनऊ जैसे अन्य बड़े शहरों में भी इसी तरह की गिरावट दर्ज की गई है। मुंबई में 24 कैरेट सोना ₹1,24,360 और 22 कैरेट ₹1,13,990 में बिक रहा है। अहमदाबाद में 24 कैरेट का भाव ₹1,24,410 और 22 कैरेट ₹1,14,040 है। चेन्नई और कोलकाता में भी रेट लगभग समान हैं। जयपुर और लखनऊ में 24 कैरेट सोना ₹1,24,510 जबकि 22 कैरेट सोना ₹1,14,140 पर पहुंच गया है।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डॉलर की मजबूती और वैश्विक व्यापारिक तनाव में कमी की वजह से सोने की मांग में कमी आई है। निवेशक गोल्ड से मुनाफा निकाल रहे हैं, जिससे कीमतों पर दबाव बना हुआ है। वहीं भारत और अमेरिका के बीच संभावित व्यापार समझौते की उम्मीद ने भी गोल्ड मार्केट को ठंडा कर दिया है।
सोने के साथ-साथ चांदी के दामों में भी गिरावट देखी जा रही है। देशभर में चांदी अब ₹1,54,900 प्रति किलोग्राम के भाव पर बिक रही है। कुछ समय पहले अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्लाई की कमी के कारण कीमतें बढ़ी थीं, लेकिन अब ग्लोबल सप्लाई सामान्य होने से चांदी के रेट नीचे आने लगे हैं।
भारत में सोने-चांदी के रेट इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) द्वारा तय किए जाते हैं। इन रेट्स पर अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति, डॉलर और रुपये की विनिमय दर, आयात शुल्क और मांग-आपूर्ति का सीधा असर पड़ता है। हर शहर में स्थानीय टैक्स और ज्वैलर्स के मुनाफे के कारण भी कीमतों में थोड़ा अंतर देखा जाता है।
त्योहार और शादी के इस सीजन में सोने-चांदी की कीमतों में आई ये गिरावट ग्राहकों के लिए सुनहरा मौका है। अगर आप निवेश या खरीदारी का सोच रहे हैं, तो अभी का समय आपके लिए सबसे बेहतर साबित हो सकता है।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र: सांगली जिले के इस शहर का नाम बदलकर हुआ ईश्वरपुर, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी































