खेल

IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से रौंदा; इशान किशन के तूफान में उड़ी पाकिस्तानी टीम

IND vs PAK
IND vs PAK

IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप के महामुकाबले में एक बार फिर वही हुआ जिसका करोड़ों भारतीयों को इंतजार था। टीम इंडिया के सामने पाकिस्तान की टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई। भारत के 175 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की पूरी टीम महज 114 रनों पर सिमट गई। इस 61 रनों की विशाल जीत के साथ भारत ने न केवल अपनी श्रेष्ठता साबित की, बल्कि सुपर-8 में अपनी जगह भी पक्की कर ली है।

इशान किशन का ‘कहर’ और गेंदबाजों का ‘जहर’
मैच के असली हीरो रहे इशान किशन, जिन्होंने पाकिस्तानी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए महज 40 गेंदों में 77 रनों की आतिशी पारी खेली। उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। लक्ष्य का बचाव करने उतरे भारतीय गेंदबाजों ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती की चौकड़ी ने 2-2 विकेट लेकर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी।

टूटे कई कीर्तिमान: आंकड़ों में भारत का दबदबा
इस जीत ने क्रिकेट के इतिहास में कई नए पन्ने जोड़ दिए हैं:

  • सबसे बड़ी जीत: रनों के लिहाज से टी20 में पाकिस्तान पर यह भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत (61 रन) है।
  • वर्ल्ड कप का वर्चस्व: 1992 से अब तक वर्ल्ड कप (ODI + T20) के 17 मुकाबलों में भारत ने 16 बार जीत दर्ज की है। टी20 वर्ल्ड कप के 9 मैचों में यह भारत की 8वीं जीत है।
  • ऐतिहासिक स्कोर: 175 रन का स्कोर टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का सर्वोच्च स्कोर बन गया है।
  • लगातार 16वीं जीत: 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के बाद से आईसीसी इवेंट्स में भारत की यह लगातार 16वीं जीत है।

अब पाकिस्तान की स्थिति बेहद नाजुक है। अगर वह 18 फरवरी को नामीबिया से हारता है, तो टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा और अमेरिका सुपर-8 के लिए क्वालीफाई कर लेगा।

बेटियों ने भी बढ़ाया मान
खुशी तब दोगुनी हो गई जब बैंकॉक में चल रहे इमर्जिंग एशिया कप में भारत-ए की महिला टीम ने भी पाकिस्तान-ए को करारी शिकस्त दी। भारतीय बेटियों ने पाक टीम को सिर्फ 93 रनों पर समेटकर 8 विकेट से मैच जीत लिया।

You may also like

More in खेल