महाराष्ट्र

महाराष्ट्र सपा में अंदरूनी टकराव, विधायक रईस शेख ने अबू आज़मी के खिलाफ अखिलेश यादव को लिखा पत्र

महाराष्ट्र सपा में अंदरूनी टकराव, विधायक रईस शेख ने अबू आज़मी के खिलाफ अखिलेश यादव को लिखा पत्र

समाजवादी पार्टी (सपा) की महाराष्ट्र इकाई में आंतरिक मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। भिवंडी ईस्ट से सपा विधायक रईस शेख ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को एक विस्तृत पत्र लिखकर महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अबू आज़मी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विधायक ने आरोप लगाया है कि अबू आज़मी जानबूझकर उन्हें परेशान कर रहे हैं, जिसका सीधा और नकारात्मक असर भिवंडी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC भिवंडी) और मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC मुंबई) की राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक कामकाज पर पड़ रहा है।

अपने पत्र में रईस शेख ने उल्लेख किया है कि आगामी भिवंडी और मुंबई नगर निगम चुनावों को लेकर पार्टी के भीतर समन्वय की भारी कमी देखने को मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष अबू आज़मी ने टिकट वितरण प्रक्रिया में पूरी तरह मनमानी की है और स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा जनप्रतिनिधियों से कोई सलाह-मशविरा नहीं किया गया। इससे पार्टी के ज़मीनी कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष फैल रहा है।

रईस शेख ने ये भी आरोप लगाया कि अबू आज़मी सार्वजनिक मंचों से लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं, जिनमें वे ये दावा करते हैं कि पार्टी के फैसलों में उन्हें कोई रोक नहीं सकता। विधायक के अनुसार, इस तरह के बयान न सिर्फ पार्टी की आंतरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करते हैं, बल्कि संगठन की छवि को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।

पत्र में रईस शेख ने राष्ट्रीय नेतृत्व का ध्यान इस ओर दिलाया है कि इस प्रकार की कार्यशैली से पार्टी के स्थानीय संगठन कमजोर हो रहे हैं और आगामी नगर निगम चुनावों में समाजवादी पार्टी को गंभीर नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस मुद्दे पर हस्तक्षेप नहीं किया गया, तो पार्टी के कार्यकर्ता हतोत्साहित होंगे और चुनावी रणनीति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

रईस शेख ने अपने पत्र के माध्यम से राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मांग की है कि प्रदेश अध्यक्ष अबू आज़मी से तत्काल स्पष्टीकरण (एक्सप्लेनेशन) लिया जाए और पार्टी हित में उचित कदम उठाए जाएं। साथ ही उन्होंने आग्रह किया है कि टिकट वितरण और संगठनात्मक निर्णयों में पारदर्शिता और सामूहिक विचार-विमर्श सुनिश्चित किया जाए।

इस पत्र के सामने आने के बाद महाराष्ट्र की सियासत में हलचल तेज हो गई है और समाजवादी पार्टी के भीतर बढ़ते मतभेदों पर राजनीतिक हलकों की नज़र बनी हुई है।

ये भी पढ़ें: Mumbai: शादी से इनकार किया तो लड़की ने काट दिया बॉयफ्रेंड का प्राइवेट पार्ट

You may also like