दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक खूंखार ऑपरेटिव शब्बीर अहमद लोन को गाजीपुर इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शब्बीर लश्कर के एक सक्रिय ‘स्लीपर सेल’ सदस्य के रूप में काम कर रहा था और उसे संगठन के भीतर एक ‘पोस्टर बॉय’ के रूप में देखा जाता था।
ISI के इशारे पर बड़ी साजिश का खुलासा
श्रीनगर के कांगन का निवासी शब्बीर अहमद लोन सीधे तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के निर्देशों पर काम कर रहा था। जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि वह दिल्ली, कोलकाता और तमिलनाडु जैसे प्रमुख भारतीय शहरों में युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने और उन्हें आतंकी संगठन में भर्ती करने का जिम्मा संभाल रहा था। इसके साथ ही वह देश के विभिन्न हिस्सों में आतंकी हमलों की बड़ी साजिश रचने में भी शामिल था।
आतंकी आकाओं से सीधा कनेक्शन
शब्बीर के तार लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद और जकी उर रहमान लखवी जैसे अंतरराष्ट्रीय आतंकियों से जुड़े रहे हैं। उसे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के मुजफ्फराबाद स्थित आतंकी कैंपों में हथियारों और युद्ध की कड़ी ट्रेनिंग भी मिल चुकी है। आतंकी नेटवर्क में उसे ‘राजा’ और ‘कश्मीरी’ जैसे गुप्त कोड नामों से पहचाना जाता था।
तिहाड़ से ढाका और फिर दिल्ली में गिरफ्तारी
शब्बीर का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है। साल 2007 में वह हथियारों के साथ पकड़ा गया था, जिसके बाद उसने दिल्ली की तिहाड़ जेल में 11 साल की सजा काटी। 2019 में जमानत मिलने के बाद वह चकमा देकर बांग्लादेश की राजधानी ढाका पहुंच गया। ढाका में बैठकर ही वह भारत के खिलाफ अपना ‘भर्ती मॉड्यूल’ चला रहा था। वह हाल ही में किसी विशेष मिशन को अंजाम देने के लिए दिल्ली लौटा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
अंतरराष्ट्रीय चिंता: पाक में सक्रिय आतंकी ठिकाने
इस गिरफ्तारी के बीच अमेरिकी कांग्रेस की एक रिपोर्ट ने भी वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में वर्तमान में कम से कम 12 आतंकी संगठनों के बेस मौजूद हैं, जो लगातार दक्षिण एशिया की शांति को भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस अब शब्बीर से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उसके नेटवर्क के अन्य सदस्यों और आगामी साजिशों की पूरी जानकारी जुटाई जा सके।
ये भी पढ़ें: महंगाई की चौतरफा मार: एलपीजी की किल्लत और रसद के बढ़ते दामों ने बिगाड़ा आम आदमी की थाली का गणित




























