फेमस रैपर और सिंगर Badshah के विवादित गाने ‘टटीरी’ को लेकर चल रहा विवाद अब और तेज हो गया है। हरियाणा पुलिस ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से इस गाने से जुड़े कुल 857 लिंक हटवा दिए हैं।
पिछले कुछ समय से ‘टटीरी’ गाना अपने आपत्तिजनक और विवादित लिरिक्स के कारण चर्चा में बना हुआ था। बढ़ते विरोध के बाद इस गाने को पहले ही YouTube से हटा दिया गया था। इसी दौरान बॉलीवुड का एक और गाना Sarke Chunar, जिसमें Nora Fatehi नजर आई थीं, वो भी विवादों में रहा और उसे भी प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया।
हरियाणा पुलिस ने अब इस मामले में डिजिटल स्तर पर कार्रवाई तेज कर दी है। पंचकूला पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक इस गाने से जुड़े 857 लिंक हटाए जा चुके हैं। इनमें 154 YouTube वीडियो और 703 Instagram रील्स और अन्य शॉर्ट वीडियो शामिल हैं। ये कार्रवाई संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ समन्वय और कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गाने में इस्तेमाल की गई भाषा महिलाओं और नाबालिगों के प्रति आपत्तिजनक हैं, जिसके चलते इस तरह के कंटेंट पर रोक लगाना जरूरी हो गया था। इसी उद्देश्य से विभिन्न प्लेटफॉर्म्स को नोटिस जारी किए गए और गाने के सभी वर्जन, चाहे वे दोबारा अपलोड किए गए हों या शॉर्ट वीडियो के रूप में हों, उन्हें हटाने के निर्देश दिए गए।
इस पूरे विवाद के बीच Badshah के खिलाफ हरियाणा में कई FIR दर्ज की गई हैं। साथ ही Haryana State Commission for Women ने उन्हें कई बार समन भेजा। समन के बावजूद पेश न होने पर उनकी गिरफ्तारी की मांग भी उठी है।
फिलहाल, ये मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है और हरियाणा पुलिस की सख्त कार्रवाई ये संकेत देती है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर आपत्तिजनक कंटेंट के खिलाफ अब और कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। आने वाले समय में इस मामले में और क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
ये भी पढ़ें: फर्जी चमत्कार, असली ठगी: नासिक के ढोंगी ज्योतिषी Ashok Kharat का पूरा कच्चा चिट्ठा आया सामने




























