महाराष्ट्र

महाराष्ट्र बोर्ड परीक्षा में नकल का बड़ा खुलासा: बीड में ड्रोन कैमरे में कैद हुई चीटिंग

महाराष्ट्र बोर्ड
Image Source - Web

महाराष्ट्र बोर्ड की 12वीं परीक्षा के पहले ही दिन बीड जिले से नकल का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चौसाला स्थित एक कॉलेज में इंग्लिश विषय की परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में अभिभावक जमा हो गए और छात्रों तक पर्चियां पहुंचाने की कोशिश करते नजर आए। पूरी घटना शिक्षा विभाग द्वारा की जा रही ड्रोन निगरानी में रिकॉर्ड हो गई।

इंग्लिश पेपर के दौरान बढ़ी संदिग्ध गतिविधियां

मिली जानकारी के अनुसार, जैसे ही 12वीं का इंग्लिश पेपर शुरू हुआ, कॉलेज परिसर के बाहर असामान्य हलचल देखी गई। बड़ी संख्या में पालक कॉलेज की खिड़कियों और दीवारों के पास खड़े दिखाई दिए। ड्रोन फुटेज में साफ तौर पर देखा गया कि कुछ लोग खिड़कियों तक पहुंचकर अंदर बैठे छात्रों को उत्तर-पर्चियां देने की कोशिश कर रहे थे।

कॉलेज चारों ओर से खुले मैदान से घिरा हुआ है, जिससे बाहरी लोगों के लिए खिड़कियों तक पहुंचना आसान हो गया। जैसे ही ड्रोन कैमरा पास आया, कई लोग वहां से भागते हुए भी दिखाई दिए। इस घटना ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ड्रोन निगरानी में उजागर हुई सच्चाई

नकल रोकने के लिए शिक्षा विभाग ने इस बार परीक्षा केंद्रों पर ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की थी। अधिकारियों के मुताबिक करीब तीन घंटे का वीडियो फुटेज रिकॉर्ड किया गया है। अब इस फुटेज की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि इसमें शामिल लोगों की पहचान कर उचित कार्रवाई की जा सके।

बीड के जिलाधिकारी विवेक जॉनसन ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जांच जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नकल के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

नकल-मुक्त अभियान पर उठे सवाल

महाराष्ट्र सरकार द्वारा राज्यभर में नकल-मुक्त परीक्षा अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन बीड की ये घटना प्रशासन के लिए शर्मिंदगी का कारण बन गई है। ड्रोन फुटेज के सामने आने के बाद परीक्षा प्रणाली की खामियां उजागर हुई हैं।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

इससे पहले वर्ष 2015 में बिहार में भी बोर्ड परीक्षा के दौरान इसी तरह की घटना सामने आई थी, जब अभिभावक स्कूल की दीवारों पर चढ़कर छात्रों तक पर्चियां पहुंचाते नजर आए थे। उस मामले में तस्वीरें वायरल होने के बाद लगभग 500 छात्रों को परीक्षा से वंचित कर दिया गया था।

अब बीड मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। शिक्षा विभाग की सख्ती और पारदर्शिता पर सभी की नजर बनी हुई है।

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र में 82 लाख रुपये की ठगी, निवेश के नाम पर व्यक्ति को बनाया शिकार

You may also like