देश-विदेश

Manoj Kumar Death: मनोज कुमार के निधन से दुखी हुए पीएम मोदी, अनदेखी तस्वीरों के साथ किया इमोशनल पोस्ट

Manoj Kumar Death
Image Source - Web

Manoj Kumar Death: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार, जिन्होंने 1957 में फिल्म फैशन से अपने करियर की शुरुआत की थी, आज इस दुनिया को अलविदा कह गए। 87 साल की उम्र में उनका निधन बॉलीवुड के लिए एक ऐसी क्षति है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे मनोज कुमार को मुंबई के अंधेरी स्थित कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से फैंस और बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

एक्टर ही नहीं, हरफनमौला कलाकार थे मनोज कुमार
मनोज कुमार का जन्म एक साधारण परिवार में हुआ था, लेकिन दिलीप कुमार को देखकर उन्होंने अभिनेता बनने का सपना संजोया और उसे हकीकत में बदला। वो न सिर्फ एक शानदार अभिनेता थे, बल्कि एक कुशल डायरेक्टर, स्क्रीनराइटर, लिरिसिस्ट और एडिटर भी थे। उनकी बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें हिंदी सिनेमा में एक खास मुकाम दिलाया। उनकी फिल्मों में देशभक्ति की भावना और सामाजिक संदेश हमेशा झलकते थे, जो दर्शकों के दिलों को छू जाते थे।

पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि, शेयर कीं अनदेखी तस्वीरें
मनोज कुमार के निधन पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पीएम मोदी ने दो अनदेखी तस्वीरें साझा कीं। पहली तस्वीर में युवा मनोज कुमार कुछ लोगों के साथ बैठे नजर आ रहे हैं, वहीं दूसरी तस्वीर में पीएम मोदी उनके साथ हाथ मिलाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ पीएम ने लिखा,
“बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर और फिल्ममेकर मनोज कुमार जी के निधन की खबर सुनकर बेहद दुखी हूं। वो भारतीय सिनेमा के वो आइकॉन थे, जिन्हें देशभक्ति की भावना को जगाने वाली फिल्मों के लिए याद किया जाता है। मनोज कुमार जी का सिनेमा मन में राष्ट्रीय गर्व की भावना जगा देता था। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। ओम शांति।”
इन तस्वीरों से साफ है कि मनोज कुमार का व्यक्तित्व और योगदान हर किसी को प्रभावित करता था।

देशभक्ति फिल्मों के लिए हमेशा याद रहेंगे मनोज कुमार
मनोज कुमार ने अपने करियर में कई हिट फिल्में दीं, लेकिन उनकी पहचान देशभक्ति फिल्मों से बनी। 1965 में रिलीज हुई फिल्म ‘शहीद ‘ ने उन्हें दर्शकों के बीच लोकप्रिय बना दिया। इसके बाद ‘उपकार’, ‘पूरब और पश्चिम’, और ‘रोटी-कपड़ा और मकान ‘ जैसी फिल्मों ने उनकी छवि को और मजबूत किया। उनके गीत जैसे “भारत का रहनेवाला हूं” और “मेरे देश की धरती सोना उगले” आज भी स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर गूंजते हैं। ये गाने हर भारतीय के अंदर जोश और देशप्रेम की भावना जगा देते हैं।

फैंस और बॉलीवुड का अलविदा
मनोज कुमार के निधन के बाद सोशल मीडिया पर उनके चाहने वाले उन्हें भावुक श्रद्धांजलि दे रहे हैं। बॉलीवुड के कई सितारों ने भी उनके साथ अपनी यादें साझा की हैं। उनके जाने से हिंदी सिनेमा ने एक ऐसा सितारा खो दिया, जिसने अपनी कला से न सिर्फ मनोरंजन किया, बल्कि देश के प्रति प्रेम और गर्व का संदेश भी दिया।

मनोज कुमार भले ही आज हमारे बीच न हों, लेकिन उनकी फिल्में और गीत हमेशा भारतीय सिनेमा के इतिहास में जीवित रहेंगे। ओम शांति।

ये भी पढ़ें: संभाजी नगर में तनाव: औरंगजेब की कब्र तोड़ने जा रहे थे कल्किराम महाराज, पुलिस ने रोका

You may also like