महाराष्ट्र

ठाणे में बंदर पर तीर से हमला: वन विभाग की जांच तेज, सख्त कार्रवाई के संकेत

ठाणे
Image Source - Web

मुंबई से सटे ठाणे इलाके में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान (SGNP) के पास एक बंदर को धनुष-बाण से घायल कर दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। इस अमानवीय कृत्य ने न केवल स्थानीय लोगों को बल्कि वन विभाग के अधिकारियों को भी हैरान कर दिया है।

कैसे सामने आया मामला?

ये घटना तब उजागर हुई जब एक स्थानीय नागरिक ने SGNP और रेस्क्यू संस्था RAWW की हेल्पलाइन पर कॉल कर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने देखा कि एक बंदर पेड़ पर बैठा हुआ था और उसके शरीर के श्रोणि (पेल्विक) हिस्से में तीर आर-पार घुसा हुआ था। ये दृश्य बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला था।

रेस्क्यू ऑपरेशन और इलाज

रेस्क्यू टीम ने बिना समय गंवाए घायल बंदर को सुरक्षित नीचे उतारा और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल बंदर का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

एसोसिएट वेटरनरी डॉक्टर डॉ. प्रीति साठे के अनुसार, बंदर को बचाने के लिए बड़ी सर्जरी करनी पड़ेगी। सर्जरी के बाद उसे 24 घंटे निगरानी में रखा जाएगा, जिसके बाद उसके पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

जांच में चौंकाने वाले संकेत

वन विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ये बात सामने आई है कि बंदर को मारने के लिए इस्तेमाल किया गया तीर संभवतः पेशेवर आर्चरी में उपयोग होने वाला है।

ये तथ्य इस घटना को और अधिक संदिग्ध बनाता है, क्योंकि इससे इलाके में किसी संगठित या अवैध गतिविधि की आशंका जताई जा रही है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by RAWW (@rawwmumbai)

इलाके में अवैध गतिविधियों पर उठे सवाल

अधिकारियों का कहना है कि इस घटना ने SGNP और येऊर क्षेत्र में चल रही संभावित अवैध गतिविधियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ठाणे की ये घटना केवल एक जानवर पर हमला नहीं, बल्कि समाज में बढ़ती संवेदनहीनता का उदाहरण है। वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्रति मानवता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। अब देखना ये होगा कि जांच में क्या खुलासे होते हैं और दोषियों पर कितनी कड़ी कार्रवाई की जाती है।

ये भी पढ़ें: Zomato ने बढ़ाई प्लेटफॉर्म फीस, अब कंपनी को हर दिन 48 लाख रुपये की हो रही अतिरिक्त कमाई, लेकिन कस्टमर का क्या?

You may also like