देश-विदेश

Mumbai Cyber Crime: प्रेमी को काले जादू से बचाने के चक्कर में महिला से 3.5 लाख की ठगी

Mumbai Cyber Crime
Image Source - Web

Mumbai Cyber Crime: मुंबई के सांताक्रूज़ इलाके में एक चौंकाने वाला साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया है, जहां एक महिला को ऑनलाइन ठगों ने तांत्रिक विद्या के नाम पर 3.5 लाख रुपये का चूना लगा दिया। ठग ने महिला को यकीन दिलाया कि उसका प्रेमी काले जादू के प्रभाव में है और उसे छुड़ाने के लिए विशेष पूजा करनी होगी। महिला इस जाल में फंस गई और ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर कर दिए।

कैसे हुआ फ्रॉड?
32 वर्षीय महिला, जो सांताक्रूज़ में अपने परिवार के साथ रहती है, पिछले साल अक्टूबर में ऋषिकेश नाम के एक युवक से मिली थी, जो ऋषिकेश उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और फिलहाल ठाणे में रह रहा था। उनकी दोस्ती जल्द ही एक रिश्ते में बदल गई, लेकिन महिला को शक हुआ कि उसका प्रेमी किसी और लड़की के साथ भी रिलेशनशिप में है। वो उससे ठीक से बात नहीं कर रहा था और फोन कॉल्स भी अवॉयड करने लगा था।

इसी दौरान महिला को सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन दिखा, जिसमें दावा किया गया था कि वे रिश्तों की समस्याओं को दूर करने में मदद कर सकते हैं। उसने उत्सुकतावश विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क किया।

तांत्रिक के जाल में फंसी महिला
फोन पर एक शख्स ने खुद को तांत्रिक बताया और महिला को ये विश्वास दिलाया कि उसके प्रेमी ऋषिकेश पर किसी अन्य महिला ने काला जादू कर दिया है। ठग ने दावा किया कि वो तांत्रिक क्रियाओं के जरिए इस जादू का असर खत्म कर सकता है, लेकिन इसके लिए कुछ विशेष पूजा करनी होगी, जिसके लिए पैसों की जरूरत पड़ेगी।

महिला ने ठग की बातों पर भरोसा कर लिया और धीरे-धीरे 53 अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए लगभग 3.5 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। लेकिन इतने पैसे देने के बाद भी जब ऋषिकेश के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया, तो महिला को शक हुआ।

राजस्थान आने का दिया न्योता, महिला को हुआ शक
जब महिला ने ठग से पूछा कि उसके पैसे भेजने के बावजूद कोई फर्क क्यों नहीं पड़ा, तो ठग ने नया बहाना बना दिया। उसने कहा कि तांत्रिक क्रिया अभी भी चल रही है और इसे पूरा करने के लिए महिला को राजस्थान आना पड़ेगा। महिला ने राजस्थान जाने से मना कर दिया और ठग को मुंबई आने के लिए कहा, लेकिन इसके बाद ठग ने कोई संपर्क नहीं किया।

जब महिला को समझ आ गया कि उसके साथ ठगी हुई है, तो उसने तुरंत वाकोला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शुरू की जांच
वाकोला पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 318 (4) और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस साइबर ठग की तलाश कर रही है।

ये मामला साइबर फ्रॉड का एक नया और चौंकाने वाला तरीका है, जहां लोगों की भावनाओं का फायदा उठाकर ठगी की जा रही है। ऐसे किसी भी तांत्रिक या अज्ञात ऑनलाइन विज्ञापन पर भरोसा करने से पहले सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत पुलिस को दें।

ये भी पढ़ें: Crime News: 5000 में 4 साल की बच्ची को खरीदा और तड़पाकर मार डाला, सौतेले मां-बाप की दरिंदगी जान दलह जाएगा दिल

You may also like