ऑनलाइन धोखाधड़ी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, और मुंबई में इस बार शिकार बना है एक डॉक्टर। बॉम्बे हॉस्पिटल में काम करने वाले एक डॉक्टर को होटल की बुकिंग के नाम पर एक शख्स ने 67,500 रुपये का चूना लगा दिया है।
48 वर्षीय डॉक्टर विभोर परदसानी इस गर्मी की छुट्टियों में अपने परिवार के साथ मेघालय घूमने जाना चाहते थे। उन्होंने टिकट तो बुक करवा लिया था लेकिन होटल ढूंढने में लगे थे। ऑनलाइन सर्च करते हुए उन्हें शिलॉन्ग में ‘हेरिटेज क्लब त्रिपुरा कैसल’ नाम का होटल मिला। डॉक्टर परदसानी ने होटल के प्रतिनिधि के तौर पर खुद को बताने वाले प्रमोद नाम के शख्स से बात की।
प्रमोद ने डॉक्टर को तीन कमरे बुक करने के लिए होटल के खाते में 67,500 रुपए जमा करने के लिए राजी कर लिया। शुरुआत में डॉक्टर ने 33,500 रुपए अग्रिम दिए और बाकी रकम बाद में देने की बात हुई। लेकिन प्रमोद ने सिस्टम में गड़बड़ी का बहाना बनाकर पूरी रकम देने पर जोर दिया।
डॉक्टर परदसानी ने उसकी बात मान ली, लेकिन इसके बाद प्रमोद का फिर से फोन आया। उसने कहा कि पैसा अभी तक खाते में नहीं पहुंचा है और पूरी रकम फिर से जमा करने के लिए कहा। इस पर डॉक्टर ने पहले से दिए गए पैसे लौटाने की बात कही तो जालसाज मुकर गया। शक होने पर डॉक्टर ने शिलॉन्ग में रहने वाले अपने दोस्त से हेरिटेज क्लब होटल में पता करवाया, तो वहां प्रमोद नाम का कोई कर्मचारी नहीं मिला। ठगी का शक होते ही डॉक्टर परदसानी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।