मुंबई

Mumbai Crime News: पुलिस कांस्टेबलों ने ड्यूटी के नाम पर किया अपहरण, डॉलर से भरा बैग लूटा

Mumbai Crime News
Image Source - Web

Mumbai Crime News: मुंबई के जूहू इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कानून की रक्षा करने वाली वर्दी का ही दुरुपयोग कर अपराध को अंजाम दिया गया। दो पुलिस कांस्टेबलों को एक फॉरेक्स कंपनी के डिलीवरी एग्जीक्यूटिव का अपहरण कर उससे 10,000 अमेरिकी डॉलर लूटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, इस वारदात में शामिल 3 अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप शिंदे (33 वर्ष) और गजेंद्र राजपूत (40 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मुंबई पुलिस में तैनात थे, जिनमें एक बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) और दूसरा जोगेश्वरी पुलिस स्टेशन में कार्यरत था। आरोप है कि दोनों ने अपनी वर्दी और पद का गलत इस्तेमाल करते हुए इस गंभीर अपराध को अंजाम दिया।

घटना 25 मार्च की दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित व्यक्ति एक फॉरेक्स कंपनी में डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के तौर पर काम करता है और वो जूहू क्षेत्र में विदेशी मुद्रा की डिलीवरी के लिए पहुंचा था। इसी दौरान जूहू सर्कल के पास आरोपियों ने उसे जबरन एक कार में बैठाकर अगवा कर लिया।

कार के अंदर आरोपियों ने पीड़ित के साथ मारपीट की और उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। इसके बाद उसे दहिसर ले जाया गया, जहां उससे 10,000 डॉलर से भरा बैग छीन लिया गया। लगातार पिटाई और डर के माहौल के बीच पीड़ित किसी तरह मौके पर शोर मचाने में कामयाब रहा, जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।

लोगों की भीड़ देखकर आरोपी मौके से भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम वहां पहुंची और एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल हो गया। बाद में पुलिस ने दूसरे आरोपी को ठाणे स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में अपहरण, लूट, उगाही और सरकारी कर्मचारी बनकर अपराध करने जैसी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि लूटी गई रकम अभी बरामद नहीं हो सकी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था और पुलिस की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां सुरक्षा देने वाले ही अपराधी बन बैठे।

ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र के 3 गांवों का बड़ा फैसला: 6 महीने तक नहीं करेंगे LPG सिलेंडर का इस्तेमाल

You may also like