Mumbai suicide case: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एंटॉप हिल इलाके में एक युवा महिला डॉक्टर ने कथित तौर पर मानसिक तनाव से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने डॉक्टर के बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
एंटॉप हिल में हुई दर्दनाक घटना
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक डॉक्टर का नाम डॉ. स्तुति सोनावने बताया जा रहा है। वो मुंबई में मेडिकल की पढ़ाई से जुड़ी हुई थीं। 8 मार्च की शाम वो अपने कमरे में चली गईं और अगले दिन उनका शव कमरे में फंदे से लटका मिला।
परिवार के अनुसार, जब सुबह तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए – डॉ. स्तुति का शव दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे से लटका हुआ था।
कमरे से मिला 6 पन्नों का सुसाइड नोट
पुलिस जांच के दौरान डॉक्टर के कमरे से 6 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इस नोट में उन्होंने अपने निजी जीवन और रिश्ते से जुड़े कई गंभीर खुलासे किए हैं।
सुसाइड नोट में डॉ. स्तुति ने अपने बॉयफ्रेंड फैजुल मोहम्मद खान का जिक्र करते हुए लिखा कि शुरुआत में दोनों के बीच संबंध अच्छे थे और उन्होंने कई खुशहाल पल साथ बिताए थे। यहां तक कि उनका जन्मदिन मुंबई के ताज होटल में मनाया गया था। लेकिन समय के साथ बॉयफ्रेंड का व्यवहार बदलने लगा।
रिश्ते में आई दरार और बढ़ा मानसिक तनाव
सुसाइड नोट के मुताबिक, कुछ समय बाद फैजुल का व्यवहार अचानक बदल गया। वो डॉ. स्तुति पर शक करने लगा और उन्हें अपमानजनक बातें कहने लगा। लगातार मानसिक दबाव और तनाव के कारण डॉक्टर बेहद परेशान रहने लगी थीं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, मानसिक उत्पीड़न और रिश्ते में चल रहे तनाव ने उन्हें इतना तोड़ दिया कि उन्होंने ये गंभीर कदम उठा लिया।
आरोपी बॉयफ्रेंड गिरफ्तार
घटना सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड फैजुल मोहम्मद खान को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वो एक इंश्योरेंस ब्रोकर है और कानून की पढ़ाई भी कर चुका है। फिलहाल उसे पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है और सुसाइड नोट समेत अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का बयान
मुंबई पुलिस के अनुसार, अभी तक की जांच में इस मामले में किसी तरह का धार्मिक या “लव जिहाद” एंगल सामने नहीं आया है। फिलहाल इसे आत्महत्या और मानसिक उत्पीड़न से जुड़ा मामला मानकर जांच की जा रही है।
परिवार की मांग – दोषियों को मिले सख्त सजा
डॉ. स्तुति के पिता ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी के साथ जो हुआ वो बेहद दर्दनाक है और जो भी इस घटना के लिए जिम्मेदार है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
NOTE: अगर किसी व्यक्ति को आत्महत्या जैसे विचार आते हैं, तो ये एक गंभीर मानसिक स्वास्थ्य स्थिति हो सकती है। ऐसे में तुरंत परिवार, दोस्तों या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। भारत में टेली-मानस हेल्पलाइन 1800-914-416 और जीवनसाथी हेल्पलाइन 1800-233-3330 पर मदद ली जा सकती है।
ये भी पढ़ें: महाराष्ट्र सरकार को अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान, सस्टेनेबल गवर्नेंस के लिए मिला बड़ा अवॉर्ड































