अगर आप नया PAN Card बनवाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। सरकार 1 अप्रैल 2026 से पैन कार्ड आवेदन प्रक्रिया में बड़े बदलाव करने जा रही है, जिसका सीधा असर नए आवेदकों पर पड़ेगा। इन नए नियमों के लागू होने के बाद पैन कार्ड बनवाना पहले के मुकाबले थोड़ा अधिक सख्त और विस्तृत प्रक्रिया वाला हो जाएगा।
अब तक PAN Card के लिए आवेदन करना काफी आसान था और केवल आधार कार्ड के जरिए भी ये प्रक्रिया पूरी हो जाती थी। लेकिन 31 मार्च 2026 के बाद ये सुविधा समाप्त होने जा रही है। यानी 1 अप्रैल से सिर्फ आधार के आधार पर पैन कार्ड बनवाना संभव नहीं होगा।
आवेदन प्रक्रिया में क्या होगा बदलाव?
नए नियमों के तहत पैन कार्ड बनवाने के लिए आवेदकों को अब अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने होंगे। पहले जहां कम दस्तावेजों में काम हो जाता था, वहीं अब पहचान और जन्म से जुड़े प्रमाण अनिवार्य हो सकते हैं। इससे पूरी प्रक्रिया पहले के मुकाबले थोड़ी लंबी और विस्तृत हो जाएगी।
किन दस्तावेजों की पड़ेगी जरूरत?
1 अप्रैल 2026 से PAN Card के लिए आवेदन करते समय केवल आधार कार्ड पर्याप्त नहीं रहेगा। आवेदकों को अपनी पहचान और जन्मतिथि प्रमाणित करने के लिए अतिरिक्त दस्तावेज देने होंगे।
इनमें जन्म प्रमाण पत्र, वोटर आईडी, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, 10वीं कक्षा का सर्टिफिकेट या अन्य मान्य सरकारी दस्तावेज शामिल किए जा सकते हैं। इस बदलाव का उद्देश्य पैन सिस्टम को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाना है।
आधार से मेल खानी होगी जानकारी
नए नियमों के तहत ये भी जरूरी होगा कि PAN Card में दर्ज सभी जानकारी आधार कार्ड से पूरी तरह मेल खाए। इसलिए आवेदन करने से पहले ये सुनिश्चित करना जरूरी है कि आधार में आपका नाम, जन्मतिथि और अन्य विवरण सही और अपडेटेड हों।
अगर जानकारी में कोई अंतर पाया जाता है, तो आवेदन प्रक्रिया में दिक्कत आ सकती है या आवेदन खारिज भी हो सकता है।
नया आवेदन फॉर्म होगा अनिवार्य
सरकार 1 अप्रैल 2026 से PAN Card के लिए नया आवेदन फॉर्म भी लागू करने जा रही है। इसके बाद पुराने फॉर्म मान्य नहीं होंगे। यानी पैन से जुड़े सभी नए आवेदन और अपडेट इसी नए फॉर्म के जरिए ही किए जा सकेंगे।
आवेदकों के लिए जरूरी सलाह
अगर आप PAN Card बनवाने की सोच रहे हैं, तो 31 मार्च 2026 से पहले आवेदन करना आसान विकल्प हो सकता है। वहीं, 1 अप्रैल के बाद आवेदन करने वालों को सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने चाहिए, ताकि प्रक्रिया में देरी न हो।
PAN Card से जुड़े नए नियम सरकार की ओर से सिस्टम को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम हैं। हालांकि इससे प्रक्रिया थोड़ी सख्त जरूर होगी, लेकिन इससे पहचान से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों में कमी आने की उम्मीद है। ऐसे में आवेदकों को पहले से पूरी जानकारी लेकर ही आवेदन करना चाहिए, ताकि किसी भी परेशानी से बचा जा सके।
ये भी पढ़ें: फर्जी चमत्कार, असली ठगी: नासिक के ढोंगी ज्योतिषी Ashok Kharat का पूरा कच्चा चिट्ठा आया सामने





























