मुंबई में बारिश का कहर: मुंबई में मूसलधार बारिश लगातार कहर बरपा रही है। इसी बीच विक्रोली इलाके में शुक्रवार (15 अगस्त) की रात एक बड़ा हादसा हुआ, जब तेज बरसात के चलते पहाड़ी खिसकने से वहां बने एक घर पर मलबा गिर गया। इस हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं।
हादसा कैसे हुआ?
जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 2 बजे विक्रोली पार्क साइट के वर्षा नगर एरिया की जनकल्याण सोसाइटी में मिश्रा परिवार का घर अचानक ढह गया। पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी और पत्थर नीचे गिरे, जिससे चार लोग दब गए। रेस्क्यू टीम ने सभी को बाहर निकाला, लेकिन 50 वर्षीय सुरेश मिश्रा और उनकी 19 वर्षीय बेटी शालू मिश्रा की मौत हो गई। जबकि 45 वर्षीय आरती मिश्रा और 20 वर्षीय ऋतुराज घायल हैं और उनका इलाज राजवाड़ी अस्पताल में चल रहा है।
BMC की चेतावनी और हालात
रेस्क्यू टीम ने बताया कि अब मलबे में कोई फंसा नहीं है, लेकिन सारा मलबा हटाने का काम जारी है। गौरतलब है कि बीएमसी ने पहले ही स्थानीय लोगों को चेतावनी दी थी कि ऐसे इलाकों में रहने वाले परिवार बरसात के मौसम में अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं।
मुंबई में ऑरेंज अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पुलिस ने भी सोशल मीडिया पर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। चेतावनी में कहा गया है कि शहर के कई इलाकों में जलभराव और दृश्यता कम होने की समस्या बनी हुई है। ऐसे में नागरिक अनावश्यक यात्रा न करें और बाहर निकलते समय सावधानी बरतें।
मुंबई पुलिस ने बताया कि उनकी टीमें हाई अलर्ट पर हैं और किसी भी आपात स्थिति में मदद के लिए पूरी तरह तैयार हैं। लोग जरूरत पड़ने पर 100/112/103 पर तुरंत संपर्क कर सकते हैं।
ये हादसा एक बार फिर सतर्क करता है कि मानसून में पहाड़ी और निचले इलाकों में रहना कितना खतरनाक हो सकता है। प्रशासन की चेतावनियों को नजरअंदाज करना बड़ी त्रासदी का कारण बन सकता है।
ये भी पढ़ें: ऑनलाइन दूध मंगाना पड़ा भारी: मुंबई की महिला के खाते से उड़ गए 18.5 लाख रुपये





























