रतन टाटा, जिन्हें उनके सामाजिक कार्यों और उद्योग जगत में बेहतरीन नेतृत्व के लिए जाना जाता है, उन्हें प्रतिष्ठित ‘कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (KISS)’ ह्यूमैनिटेरियन अवार्ड 2021 से सम्मानित किया गया है। यह अवार्ड सोमवार को मुंबई में उनके घर पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिया गया।
कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी एंड KISS के संस्थापक और कंधमाल से सांसद अच्युत सामंत ने रतन टाटा को यह पुरस्कार प्रदान किया। स्वास्थ्य कारणों से सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर रहने के बावजूद, रतन टाटा ने सामंत के आग्रह पर इस पुरस्कार को स्वीकार किया।
कार्यक्रम में टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन और तीन बार के ग्रैमी अवॉर्ड विजेता रिकी केज भी मौजूद थे। यह सम्मान पाकर रतन टाटा ने KISS और इसके संस्थापक के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “इस सम्मान को पाकर मैं बेहद खुश हूं। यह मेरे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण क्षण है”।
अच्युत सामंत ने कहा कि रतन टाटा भारत में बहुत सम्मानित हैं, और उन्हें पुरस्कृत कर पाना उनके लिए सौभाग्य की बात है। सामंत ने कहा, “मैं बचपन से ही रतन टाटा के सामाजिक कार्यों और उनके नेतृत्व का कायल रहा हूं। मेरे पिता टाटा कंपनी में काम करते थे, तब से ही मैं रतन टाटा को पसंद और उनका आदर करता हूं।”
KISS ह्यूमैनिटेरियन अवार्ड की शुरुआत अच्युत सामंत ने 2008 में की थी। यह पुरस्कार दुनिया भर में मानवीय कार्यों के लिए समर्पित लोगों और संस्थाओं को दिया जाता है।
समारोह के दौरान, KISS के लगभग 40,000 छात्रों ने रतन टाटा को स्वस्थ, लंबे और रोग-मुक्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।





























