मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज स्क्रीनराइटर और सुपरस्टार सलमान खान के पिता सलीम खान (Saleem Khan) की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 90 वर्षीय सलीम खान को अस्पताल के इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में रखा गया है। परिवार के सदस्य लगातार अस्पताल पहुंच रहे हैं और उनकी सेहत को लेकर अपडेट सामने आ रहे हैं।
17 फरवरी की सुबह हुए अस्पताल में भर्ती
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सलीम खान को 17 फरवरी की सुबह लीलावती अस्पताल में एडमिट किया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें ICU में रखा गया है, जहां उनकी सेहत पर करीबी नजर रखी जा रही है। हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से विस्तृत मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
सलमान खान सहित परिवार के सदस्य पहुंचे अस्पताल
पिता की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही सलमान खान तुरंत अस्पताल पहुंचे। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में उन्हें अस्पताल से बाहर निकलते देखा गया।
इसके अलावा सलीम खान की बेटी अलवीरा खान, दामाद अतुल अग्निहोत्री, पोते अयान अग्निहोत्री और गोद ली हुई बेटी अर्पिता खान के पति अभिनेता आयुष शर्मा भी अस्पताल में नजर आए। पूरा खान परिवार इस समय सलीम खान के साथ मौजूद है।
हिंदी सिनेमा के दिग्गज लेखक हैं सलीम खान
सलीम खान (Saleem Khan) हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे प्रभावशाली लेखकों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने पूर्व लेखन साथी जावेद अख्तर के साथ मिलकर कई ऐतिहासिक फिल्में लिखीं, जिन्होंने भारतीय सिनेमा की दिशा बदल दी।
उनकी चर्चित फिल्मों में शामिल हैं शोले, जंजीर, हाथी मेरे साथी और मिस्टर इंडिया जैसी फिल्में, जिसके एक-एक डायलॉग, सीन और कहानी लोगों के दिलो-दिमाग में घर की हुई हैं।
सलीम-जावेद की जोड़ी को बॉलीवुड के स्वर्णिम दौर का निर्माता माना जाता है। उनकी लिखी कहानियों और संवादों ने हिंदी सिनेमा में “एंग्री यंग मैन” की छवि को स्थापित किया।
हाल ही में मनाया था 90वां जन्मदिन
सलीम खान ने 24 नवंबर 2025 को अपना 90वां जन्मदिन मनाया था। परिवार और करीबी लोगों के बीच उनका जन्मदिन सादगी से मनाया गया था।
फैंस कर रहे जल्द स्वस्थ होने की दुआ
सलीम खान (Saleem Khan) के ICU में भर्ती होने की खबर के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
फिलहाल सभी की नजरें उनकी सेहत से जुड़े अगले आधिकारिक अपडेट पर टिकी हैं। परिवार की ओर से भी अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करें।
ये भी पढ़ें: ‘Dhurandhar 2’ की शूटिंग पर गहराया विवा; प्रोडक्शन हाउस पर ब्लैकलिस्टिंग की मांग






























