महाराष्ट्र की राजनीति में एक ऐतिहासिक पल उस समय देखने को मिला, जब सुनेत्रा पवार ने राज्य के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। शपथ समारोह में उन्होंने पूरे संवैधानिक तरीके से पद और गोपनीयता की शपथ ली और इसके साथ ही वह महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गईं।
कौन हैं सुनेत्रा पवार?
सुनेत्रा पवार राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ और दिवंगत नेता अजित पवार की पत्नी हैं। लंबे समय तक राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहने के बाद अब उन्होंने सीधे तौर पर राज्य की सत्ता में एक अहम जिम्मेदारी संभाली है। उनके शपथ ग्रहण को महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
शरद पवार परिवार से नहीं हुआ कोई शामिल
शपथ समारोह में हालांकि शरद पवार परिवार की ओर से कोई भी सदस्य मौजूद नहीं रहा। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं भी देखने को मिलीं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, वरिष्ठ मंत्री और गठबंधन के कई नेता उपस्थित रहे, लेकिन पवार परिवार की अनुपस्थिति लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही।
सुनेत्रा पवार का उपमुख्यमंत्री बनना न केवल महिला नेतृत्व के लिहाज़ से अहम है, बल्कि ये महाराष्ट्र की मौजूदा राजनीतिक समीकरणों में भी एक नया अध्याय जोड़ता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में उनकी भूमिका राज्य सरकार के फैसलों और नीतियों में महत्वपूर्ण रहने वाली है।
शपथ लेने के बाद सुनेत्रा पवार ने सभी का आभार जताया और कहा कि वो उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगी। उन्होंने राज्य के विकास और जनहित को अपनी प्राथमिकता बताया।
ये भी पढ़ें: CID को सौंपी गई अजित पवार विमान हादसे की जांच, नागरिक उड्डयन मंत्रालय भी कर रहा समानांतर जांच






























