महाराष्ट्र

सुनेत्रा पवार शाम 5 बजे लेंगी महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री पद की शपथ, राजभवन में तैयारियां पूरी

सुनेत्रा पवार
Image Source - Web

महाराष्ट्र की राजनीति में आज एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम देखने को मिलेगा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की नेता और दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार शनिवार, 31 जनवरी 2026 को महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार, उनका शपथ ग्रहण समारोह शाम 5 बजे राजभवन में आयोजित किया जाएगा।

राजभवन से मिली आधिकारिक जानकारी

लोकभवन राज्यपाल कार्यालय की ओर से शपथ ग्रहण को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की गई है। इसके मुताबिक, महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत दोपहर 4 बजे देहरादून से मुंबई लौटेंगे और उसके तुरंत बाद शाम 5 बजे शपथ ग्रहण समारोह संपन्न कराया जाएगा। पूरे कार्यक्रम की अवधि करीब 10 मिनट की होगी।

विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद शपथ

शपथ ग्रहण से पहले दोपहर 2 बजे एनसीपी विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में सुनेत्रा पवार को औपचारिक रूप से विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद ही उन्हें उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि ये प्रक्रिया पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी।

राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा देंगी सुनेत्रा पवार

सूत्रों के मुताबिक, सुनेत्रा पवार शपथ ग्रहण से पहले अपने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा देंगी। ये इस्तीफा राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन को भेजा जाएगा। राज्यसभा से इस्तीफा देने के बाद ही वे राज्य की कार्यपालिका में औपचारिक रूप से शामिल होंगी।

राजभवन में सुरक्षा और तैयारियां तेज

राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। फिलहाल सुरक्षा कारणों से केवल समाचार एजेंसियों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। प्रशासनिक और प्रोटोकॉल स्तर पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

महाराष्ट्र की राजनीति में नया अध्याय

सुनेत्रा पवार का उपमुख्यमंत्री पद संभालना महाराष्ट्र की राजनीति में एक नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है। उनकी नियुक्ति से न केवल एनसीपी बल्कि महायुति सरकार के भीतर भी राजनीतिक संतुलन और रणनीति के नए संकेत मिलते हैं। अब सभी की निगाहें उनके पहले फैसलों और सरकार में उनकी भूमिका पर टिकी हुई हैं।

ये भी पढ़ें: CID को सौंपी गई अजित पवार विमान हादसे की जांच, नागरिक उड्डयन मंत्रालय भी कर रहा समानांतर जांच

You may also like