राजधानी दिल्ली के प्राइम लोकेशन लुटियंस बंगलो जोन में एक और हाई-प्रोफाइल प्रॉपर्टी डील चर्चा में है। पूर्व टिहरी गढ़वाल रियासत के महाराजा मनुजेंद्र शाह अपना दिल्ली स्थित ऐतिहासिक बंगला बेचने की तैयारी में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक ये सौदा करीब ₹1,000 करोड़ में हो सकता है, जिससे ये हाल के वर्षों की सबसे बड़ी रियल एस्टेट डील्स में शामिल हो सकता है।
जानकारी हो कि ये बंगला भगवान दास रोड पर स्थित है और लगभग 3.2 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। इसकी लोकेशन और ऐतिहासिक महत्व के कारण ये संपत्ति बेहद खास मानी जा रही है।
कौन हो सकता है खरीदार?
सूत्रों के अनुसार, इस प्रॉपर्टी को दिल्ली के एक बड़े उद्योगपति खरीद सकते हैं, जिनका कारोबार फूड और बेवरेज सेक्टर से जुड़ा है। हालांकि खरीदार के नाम का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन एक जानी-मानी लॉ फर्म ने संबंधित बिजनेसमैन की ओर से पब्लिक नोटिस जारी किया है।
बताया जा रहा है कि यही उद्योगपति इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का पहला आधिकारिक निवास लगभग ₹1,100 करोड़ में खरीद चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक खरीदार का परिवार पहले से ही लुटियंस जोन में रह रहा है और उसी इलाके में दो बड़े बंगलों की खरीद के अंतिम चरण में है।
क्यों खास है ये डील?
दिल्ली का लुटियंस बंगलो जोन देश का सबसे प्रतिष्ठित और पॉवरफुल इलाका माना जाता है। इसे ब्रिटिश आर्किटेक्ट एडविन लुटियंस ने 1912 से 1930 के बीच डिजाइन किया था। ये इलाका करीब 28 वर्ग किलोमीटर में फैला है और यहां लगभग 3,000 बंगले हैं।
इनमें से अधिकांश बंगलों में केंद्रीय मंत्री, न्यायाधीश और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी निवास करते हैं। लगभग 600 प्रॉपर्टी निजी स्वामित्व में हैं, जिनके मालिक देश के चुनिंदा अरबपति और उद्योगपति हैं। इस इलाके में प्रॉपर्टी की उपलब्धता बेहद सीमित है, जिससे कीमतें अत्यधिक ऊंची रहती हैं।
ऐतिहासिक और निवेश की दृष्टि से अहम
भगवान दास रोड स्थित यह बंगला न केवल ऐतिहासिक पृष्ठभूमि रखता है, बल्कि लुटियंस जोन में स्थित होने के कारण इसकी निवेश संभावनाएं भी मजबूत मानी जा रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की प्राइम लोकेशन वाली संपत्तियां बाजार में बहुत कम उपलब्ध होती हैं और इन्हें खरीदने की क्षमता केवल चुनिंदा हाई नेटवर्थ व्यक्तियों के पास ही होती है।
हालांकि इस डील पर अंतिम मुहर अभी लगनी बाकी है, लेकिन यदि यह सौदा तय होता है तो यह दिल्ली रियल एस्टेट मार्केट की सबसे चर्चित और महंगी डील्स में से एक होगी।































