Thane Crime News: ठाणे से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 15 साल की लड़की को उसके अपने चाचा-चाची ने पैसे के लिए बेच दिया। लड़की की जबरन शादी करा दी गई, लेकिन अब पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, कुछ सालों पहले इस बच्ची के माता-पिता की एक दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद वो पालघर में अपने मामा के साथ रहने लगी, जबकि छोटी बहन अपनी दादी के साथ चली गई। इसके बाद पिछले साल दिसंबर में, लड़की के चाचा और चाची पालघर में मामा के घर उससे मिलने आए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वो बच्ची की पढ़ाई और देखभाल का पूरा खर्च उठाएंगे, और उसे अपने गांव के स्कूल में दाखिला दिलाएंगे।
इसके बाद जनवरी में कपटी रिश्तेदार लड़की को एक शादी में शामिल होने के बहाने नासिक ले गए। वहां उसे पता चला कि, वो शादी किसी और की नहीं, बल्कि उसकी ही शादी 30 साल के एक आदमी से तय कर दी गई है। चाचा ने ₹20,000 लेकर ये सौदा किया था।
लड़की ने शादी से इंकार करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी। जबरदस्ती कर उसकी शादी करा दी गई। ऐसे मामलों से पता चलता है कि लालच और पुरानी सोच कितनी खतरनाक हो सकती है।
कैसे मिली आजादी?
शादी के एक महीने बाद, लड़की की तबियत खराब होने पर अस्पताल गई। वहीं से मौका देखकर वो भाग निकली और सीधे अपनी दादी के घर पहुंची। बाद में उसने पूरा किस्सा अपने मामा को बताया, जो उसे लेकर पुलिस के पास गए। पुलिस ने लड़की की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उसके चाचा-चाची और पति पर बाल विवाह अधिनियम समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें: जन्मदिन की खुशी का खौफनाक अंजाम! दोस्त को मौत के घाट उतारा, वजह जानकर चौंक जाएंगे