टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के बीच चल रही अनिश्चितता अभी खत्म होती नजर नहीं आ रही है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने एक बार फिर भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप मुकाबलों को लेकर चिंता जताते हुए ICC को दूसरा पत्र भेजा है।
इस पत्र में बीसीबी ने भारत में मैच खेलने को लेकर खिलाड़ियों की सुरक्षा और यात्रा संबंधी मुद्दों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। बोर्ड का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए टीम की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी वजह से वे अपने मैचों के वेन्यू में बदलाव पर विचार चाहते हैं।
पहले भी जताई जा चुकी है चिंता
ये पहला मौका नहीं है जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने इस विषय पर ICC से संपर्क किया हो। इससे पहले भी बीसीबी ने एक पत्र के माध्यम से अपनी चिंताओं को सामने रखा था, लेकिन ICC की ओर से कोई ठोस फैसला सामने नहीं आया। अब दूसरा पत्र भेजे जाने से ये साफ हो गया है कि बांग्लादेश इस मुद्दे को लेकर गंभीर है और पीछे हटने के मूड में नहीं है।
ICC की प्रतिक्रिया का इंतजार
ICC की ओर से फिलहाल इस दूसरे पत्र पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। क्रिकेट जगत की नजरें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या ICC बांग्लादेश की मांगों पर विचार करेगा या फिर तय कार्यक्रम के अनुसार भारत में ही टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा।
वर्ल्ड कप पर असर संभव
यदि इस विवाद का जल्द समाधान नहीं निकलता है, तो इसका असर टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों और शेड्यूल पर भी पड़ सकता है। साथ ही ये मुद्दा अन्य टीमों के लिए भी एक मिसाल बन सकता है, जो भविष्य में ऐसे ही सुरक्षा कारणों से वेन्यू बदलने की मांग कर सकती हैं।
फिलहाल क्रिकेट प्रशंसक और विशेषज्ञ ICC के अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं, जिससे ये साफ हो सके कि बांग्लादेश की इस लगातार ड्रामेबाजी का अंत कब और कैसे होगा।
ये भी पढ़ें: भारतीय क्रिकेट को मिला नया चमत्कारी सितारा: 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने मचाई हलचल































