आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के नायक रहे युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) को लेकर एक अहम खबर सामने आई है। 14 वर्षीय इस प्रतिभाशाली क्रिकेटर ने हाल ही में अपने प्रदर्शन से देशभर में सुर्खियां बटोरी थीं, लेकिन अब जानकारी मिली है कि वो इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं होंगे। इस फैसले की पुष्टि खुद उनके पिता ने की है।
BCCI की व्यस्तताओं के कारण लिया गया फैसला
ताजपुर स्थित मॉडेस्टी स्कूल के प्रिंसिपल आदर्श कुमार (पिंटू) ने बताया कि वैभव के पिता से चर्चा के बाद ये निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के कार्यक्रमों और क्रिकेट से जुड़ी व्यस्तताओं के चलते वैभव परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे। हालांकि परीक्षा से संबंधित सभी औपचारिकताएं पहले ही पूरी कर ली गई थीं।
एडमिट कार्ड भी जारी हो चुका था
जानकारी के अनुसार, वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) का परीक्षा केंद्र समस्तीपुर के पोड्डार इंटरनेशनल स्कूल में निर्धारित किया गया था। स्कूल के प्रिंसिपल नील किशोर ने पुष्टि की थी कि वैभव का एडमिट कार्ड जारी हो चुका था और सभी आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखे गए थे।
स्कूल प्रशासन ने ये भी स्पष्ट किया था कि वैभव परीक्षा में एक सामान्य छात्र की तरह ही शामिल होते और उनके लिए कोई विशेष व्यवस्था नहीं की जाती।
17 फरवरी से शुरू होनी थीं बोर्ड परीक्षाएं
राज्य में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होने वाली हैं। दोनों कक्षाओं के लिए उसी स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। वैभव की लोकप्रियता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा चल रही थी।
स्कूल प्रशासन ने एहतियातन स्थानीय प्रशासन को पहले ही सूचित कर दिया था और बाहरी सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस को सौंपी गई थी। बावजूद इसके, स्कूल प्रबंधन का कहना था कि परीक्षा केंद्र पर सभी छात्रों के लिए समान नियम लागू होंगे।
क्रिकेट करियर पर फोकस
अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) का क्रिकेट करियर नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में परिवार और प्रबंधन ने फिलहाल उनकी प्राथमिकता क्रिकेट को ही रखने का फैसला किया है।
ये निर्णय दर्शाता है कि युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने खेल को और बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
ये भी पढ़ें: IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से रौंदा; इशान किशन के तूफान में उड़ी पाकिस्तानी टीम































