भारत के पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली की हालिया स्थिति ने सभी को चिंता में डाल दिया। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो वायरल होने के बाद उनकी बिगड़ती हालत सामने आई। कांबली को महाराष्ट्र के ठाणे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके दिमाग में खून के थक्के पाए गए। इसके चलते उनकी मानसिक और शारीरिक स्थिति काफी कमजोर हो गई थी। अस्पताल में भर्ती होने के दौरान वे काफी कमजोर दिख रहे थे और खड़े होने में भी संघर्ष कर रहे थे।
इस घटना ने खेल जगत को भावुक कर दिया। कई दिग्गजों ने उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं, जबकि कपिल देव ने उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए मदद का वादा किया। कांबली की हालत में सुधार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन उनकी स्थिति ने देशभर में चर्चा छेड़ दी।
इस मुद्दे पर बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने भी अपनी चिंता जाहिर की। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि उन्होंने विनोद कांबली का वीडियो देखा और ये बेहद जरूरी है कि लोग अपने जीवन और आर्थिक स्थिति को समझदारी से प्रबंधित करें। सिंधु ने कहा, “आपको अपने पैसे का सही उपयोग करना चाहिए और फिजूलखर्ची से बचना चाहिए। भविष्य के लिए निवेश और बेहतर योजना बनाना बेहद जरूरी है।”
कांबली की स्थिति ने खेल जगत के साथ ही आम लोगों को भी ये सीख दी है कि सेहत और आर्थिक प्रबंधन दोनों का सही संतुलन बनाना कितना महत्वपूर्ण है।