देश-विदेश

Weather Update: उत्तर प्रदेश में गर्मी से 33 की मौत, बिहार में टूटा 128 सालों का रिकॉर्ड

Weather Update
Image Source - Web

Weather Update:पूरे उत्तर भारत में गर्मी का कहर अब भी जारी है। हर रोज तापमान अपना ही रिकॉर्ड तोड़ने को आतुर है। कई इलाकों में तो तापमान 50 डिग्री के करीब जा पहुंचा है। हालात ये है कि यूपी में गर्मी से 33 लोगों की जान जा चुकी है। डॉक्टरों के द्वारा लोगों को सलाह दी जा रही है कि वो सुबह 10 बजे से लेकर 4 बजे तक घर से बाहर न निकले।

एक तो गर्मी की तपन और ऊपर से पेट की आग, जिसे बुझाने के लिए तपती गर्मी में भी लोगों को बाहर निकलना ही पड़ता है। सबसे ज्यादा तो देश की राजधानी दिल्ली की हालत खराब है। कह सकते हैं जून की शुरुआत होते ही पूरे उत्तर भारत में सुबह नहीं, बल्कि सीधे दोपहर हो रही है। पहले तो लोग सिर्फ गर्मी से परेशान थे, अब तो बात जान पर बन आई है। धधकता सूरज जैसे हर किसी को निगल लेना चाहता है।

उत्तर प्रदेश में अब तक गर्मी की वजह से करीब 33 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें बुंदेलखंड और कानपूर में शनिवार को 20 लोगों की जान चली गई। अब आप सोचेंगे कि आखिर कितनी गर्मी है, जो हालात इतने खराब हो गए हैं, तो बता दें कि कानपूर में 46.3 डिग्री तापमान रहा है, हमीरपुर में 46.2 डिग्री, झांसी में 46.1 डिग्री, प्रयागराज में 46 डिग्री, वाराणसी में 46 डिग्री और आगरा में 45.5 डिग्री तापमान पहुंच गया है।

बिहार की बात करें तो 128 साल के इतिहास में इस बार की गर्मी सबसे ज्यादा है। यहां के लोग घरों में पैक रहने को मजबूर है। पटना में लू का कहर चल रहा है। सुबह से ही पूरे बिहार में धधकते सूरज की वजह से अनकहा कर्फ्यू लग जा रहा है। दिल्ली की हालत तो और ज्यादा खराब है। गर्मी तो गर्मी पानी की कमी भी लोगों की हालत खराब कर रही है। बूंद-बूंद को दिल्ली के कई इलाके के लोग तरस रहे हैं।

3 दिनों के लिए अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले 3 दिनों के लिए हीटवेव और भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। अब तो सिर्फ मॉनसून ही लोगों को इस गर्मी से राहत दे सकता है। लेकिन परेशानी की बात ये है कि 30 जून से पहले मॉनसून के आने के आसार नहीं हैं। मतलब साफ है कि खुद की सुरक्षा खुद के हाथ, क्योंकि सूरज देवता तो अभी आग बरसाते रहेंगे। आप बिना जरूरी के घर से बाहर न निकलें और ना ही किसी को निकलने दें।

You may also like